आंगनबाड़ी केंद्र पर राशन न मिलने से ग्रामीणों में नाराजगी, केवल सत्तू वितरण का आरोप
धानापुर, चंदौली
2:54 PM, Mar 20, 2026
धानापुर। क्षेत्र के एक आंगनबाड़ी केंद्र पर शुक्रवार सुबह राशन वितरण को लेकर ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखने को मिली। आरोप है कि केंद्र पर नियमित रूप से राशन नहीं दिया जा रहा है और इस बार भी केवल सत्तू का ही वितरण किया गया, जिससे खासकर महिलाओं में आक्रोश फैल गया। बताया जाता है कि जब शुक्रवार सुबह केंद्र पर राशन नहीं मिला, तो नाराज ग्रामीण महिलाएं आंगनबाड़ी सहायिका के घर पहुंच गईं। बाद में वहीं से राशन का वितरण किया गया। ग्रामीण महिलाओं ममता देवी, सविता देवी, सुनैना कुमारी और पूजा देवी का आरोप है कि उन्हें पूरा राशन नहीं दिया जा रहा है और केवल सत्तू देकर औपचारिकता पूरी की जा रही है। वहीं इस मामले में आंगनबाड़ी सहायिका मंजू देवी ने बताया कि करीब 3500 की आबादी वाले क्षेत्र में इस बार मात्र 42 महिलाओं के लिए ही सत्तू उपलब्ध हुआ था, जिसका वितरण किया गया। उन्होंने कहा कि जितना राशन ऊपर से प्राप्त होता है, उसी के आधार पर लाभार्थियों में बांटा जाता है। साथ ही उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि फिलहाल केवल उन्हीं लाभार्थियों को राशन दिया जा रहा है, जिनका फेस केवाईसी पूरा है। राशन वितरण में अनियमितता और सीमित सामग्री मिलने से ग्रामीणों में असंतोष बना हुआ है। महिलाओं ने मांग की है कि सभी पात्र लाभार्थियों को निर्धारित मानक के अनुसार पूरा राशन उपलब्ध कराया जाए, ताकि जरूरतमंदों को योजना का पूरा लाभ मिल सके। इस बाबत सीडीपीओ विनोद कुमार ने बताया कि अनियमितता की जांच कर कार्यवाही को जाएगी।
Advertisement
