प्याज की बोरियों में छिपाकर ले जाई जा रही 70 लाख की अवैध शराब बरामद, ट्रक चालक गिरफ्तार
चंदौली
2:40 PM, Mar 29, 2026
चन्दौली। जनपद में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना सैयदराजा पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में प्याज की बोरियों के बीच छिपाकर ले जाई जा रही 407 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की गई। इस मामले में पुलिस ने एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। बरामद शराब की कुल मात्रा 3654.36 लीटर बताई गई है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 70 लाख रुपये है। पुलिस अधीक्षक चन्दौली आदित्य लांग्हे के निर्देशन में चल रहे अभियान के दौरान पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि एनएच-19 हाईवे से एक संदिग्ध ट्रक बिहार की ओर जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने ग्राम जेठमलपुर तिराहा (NH-19) के पास बैरियर लगाकर वाहनों की चेकिंग शुरू की। कुछ देर बाद ट्रक संख्या MP33H3042 को रोककर तलाशी ली गई। ट्रक में ऊपर से प्याज की बोरियां लदी थीं, लेकिन उनके बीच इम्पिरियल ब्लू ब्रांड की अवैध अंग्रेजी शराब की पेटियां छिपाकर रखी गई थीं। पुलिस ने ट्रक चालक हरिओम धाकड़ (38 वर्ष) निवासी ग्राम कोटा, थाना कोतवाली देहात, जिला शिवपुरी (मध्य प्रदेश) को गिरफ्तार कर लिया।
Advertisement
