Janpad News Times
समाचार लोड हो रहा है...
Loading news content...
janpadnewstimes.com
चंदौली पुलिस और स्वाट/SOG की संयुक्त कार्रवाई, दो गिरफ्तार; कार से 2.565 किलो पीली धातु के साथ पांच मोबाइल बरामद चंदौली। बिहार से दिल्ली जा रही एक कार में गियर बॉक्स के नीचे विशेष बॉक्स बनाकर छिपाकर रखा गया करीब 3.92 करोड़ रुपये कीमत का सोना चंदौली पुलिस और स्वाट/SOG टीम ने बरामद किया है। पुलिस ने कार सवार दो लोगों को गिरफ्तार किया है। बरामद पीली धातु का कुल वजन 2 किलो 565.720 ग्राम बताया गया है। पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में आयकर विभाग ने इसे विदेश में निर्मित सोना बताया है। पुलिस के अनुसार, प्रभारी निरीक्षक चंदौली बिन्देश्वर पाण्डेय और स्वाट/SOG प्रभारी निरीक्षक राम जन्म यादव के नेतृत्व में टीम बुधवार को नवही पुलिया हाईवे पर बिहार की ओर से आने वाले वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना के आधार पर KIA Carens कार संख्या HR22W2830 को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस का कहना है कि चालक ने कार को साइड से निकालकर भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए वाहन को रोक लिया। कार में चालक जुबेर मुबारक शेख निवासी शांगली, महाराष्ट्र और उसके साथ मनीष कुमार निवासी फतेहाबाद, हरियाणा बैठे थे। पूछताछ में खुला गुप्त बॉक्स का राज पुलिस के मुताबिक, वाहन भगाने का कारण पूछने पर दोनों आरोपियों ने बताया कि कार के गियर बॉक्स के नीचे विशेष बॉक्स बनाकर सोना छिपाया गया है, जिसे वे दिल्ली लेकर जा रहे थे। इसके बाद उनकी निशानदेही और सहयोग से बॉक्स को खोलकर जांच की गई। बॉक्स के अंदर कपड़े के लंबे बेल्ट में भूरे रंग के सेलो टेप से लपेटकर रखी गई दो सिल्लियां मिलीं। दोनों ने बरामद पीली धातु को सोना बताया। हालांकि, उसके संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। आयकर और राजस्व आसूचना विभाग ने कराई जांच पुलिस ने बरामदगी की सूचना आयकर विभाग और राजस्व आसूचना विभाग को दी। संबंधित विभागों के अधिकारी सरकारी वैल्यूअर/सुनार के साथ मौके पर पहुंचे। उनकी मौजूदगी में बरामद धातु को खुलवाकर जांच और वजन कराया गया। वजन करने पर कुल 2 किलो 565.720 ग्राम पीली धातु मिली। वैल्यूअर ने इसकी अनुमानित कीमत करीब 3 करोड़ 92 लाख रुपये बताई। पुलिस के अनुसार, आयकर विभाग ने प्रारंभिक तौर पर इसे विदेश में निर्मित सोना बताया है। कार्रवाई पूरी होने के बाद बरामद पीली धातु को नियमानुसार राजस्व आसूचना विभाग (Revenue Intelligence Department) को सुपुर्द कर दिया गया। पांच मोबाइल और कार भी बरामद पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पांच मोबाइल फोन और सफेद रंग की KIA Carens कार भी बरामद की है। दोनों आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार आरोपी: जुबेर मुबारक शेख पुत्र मुबारक शेख, निवासी मसाला गली के पीछे, अहिल्या नगर, थाना शांगली, जिला शांगली, महाराष्ट्र। मनीष कुमार पुत्र पवन कुमार, निवासी मकान संख्या 248, लाट नं. 6, लाजपत नगर, जिला फतेहाबाद, हरियाणा। कार्रवाई में थाना चंदौली पुलिस और स्वाट/SOG टीम के पुलिसकर्मी शामिल रहे।
Advertisement
पंचांग
सम्बंधित खबर
पंचांग
ये भी पढ़ें