नैढ़ी गांव में आपसी विवाद के दौरान युवक ने लहराया असलहा, वीडियो वायरल
बलुआ थाना क्षेत्र के नैढ़ी गांव में मंगलवार की शाम आपसी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच हुआ विवाद उस समय गंभीर हो गया, जब मारपीट के दौरान एक युवक ने कथित तौर पर असलहा निकालकर लहराना शुरू कर दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आ गई और मामले की जांच शुरू कर दी है।
chandauli

2:51 PM, Jun 3, 2026
वीडियो सामने आने के बाद पुलिस जांच में जुटी
चहनियां। बलुआ थाना क्षेत्र के नैढ़ी गांव में मंगलवार की शाम आपसी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच हुआ विवाद उस समय गंभीर हो गया, जब मारपीट के दौरान एक युवक ने कथित तौर पर असलहा निकालकर लहराना शुरू कर दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आ गई और मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, नैढ़ी गांव के बाहर स्थित एक पान की गुमटी पर मंगलवार शाम कुछ लोग बैठे हुए थे। इसी दौरान पुराने विवाद को लेकर दो युवकों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों में मारपीट होने लगी।
Advertisement
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद के दौरान एक युवक ने असलहा निकाल लिया और उसे लहराने लगा, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि वहां मौजूद लोगों ने सूझबूझ दिखाते हुए युवक को पकड़ लिया और दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराया।
घटना के दौरान मौजूद किसी व्यक्ति ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वीडियो वायरल होने के बाद बलुआ पुलिस सक्रिय हो गई और आरोपी की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए गए हैं।
इस संबंध में बलुआ थाना प्रभारी अरुण प्रताप सिंह ने बताया कि सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने की जानकारी मिलने के बाद पुलिस टीम को मौके पर भेजकर जांच कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि मामले की सत्यता की पुष्टि होने पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।
