क्षतिग्रस्त साइफन से खेल मैदान जाने में युवाओं को परेशानी
शहाबगंज (चंदौली)। कर्मनाशा नदी के किनारे अतायस्तगंज गांव स्थित खेल मैदान तक पहुंचने वाले रास्ते पर क्षतिग्रस्त साइफन युवाओं के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है। प्रतिदिन सैकड़ों की संख्या में युवक विभिन्न खेलों का अभ्यास करने के लिए मैदान पहुंचते हैं, लेकिन साइफन क्षतिग्रस्त होने के कारण उन्हें आने-जाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों और युवाओं ने संबंधित अधिकारियों से साइफन की
शहाबगंज, चंदौली

1:34 PM, Sep 26, 2026
विनोद कुमार
जनपद न्यूज़ टाइम्सशहाबगंज (चंदौली)। कर्मनाशा नदी के किनारे अतायस्तगंज गांव स्थित खेल मैदान तक पहुंचने वाले रास्ते पर क्षतिग्रस्त साइफन युवाओं के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है। प्रतिदिन सैकड़ों की संख्या में युवक विभिन्न खेलों का अभ्यास करने के लिए मैदान पहुंचते हैं, लेकिन साइफन क्षतिग्रस्त होने के कारण उन्हें आने-जाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों और युवाओं ने संबंधित अधिकारियों से साइफन की शीघ्र मरम्मत कराने की मांग की है।
बताया जाता है कि पिछले वर्ष कर्मनाशा नदी में आई बाढ़ के दौरान अतायस्तगंज गांव के पास स्थित साइफन क्षतिग्रस्त होकर ध्वस्त हो गया था। इसके बाद से अब तक इसकी मरम्मत नहीं कराई जा सकी है। इस वर्ष भी कर्मनाशा नदी में बाढ़ का पानी पहुंचने के दौरान क्षतिग्रस्त साइफन के आसपास आवागमन प्रभावित रहा। इससे जहां किसानों को खेतों तक पहुंचने और सिंचाई संबंधी कार्यों में परेशानी होती है, वहीं खेल मैदान तक पहुंचने वाले युवाओं को भी जोखिम उठाना पड़ रहा है।
कोच बीरू सर और शिवकुमार विश्वकर्मा ने बताया कि खेल मैदान में क्षेत्र के बड़ी संख्या में युवा नियमित रूप से अभ्यास करने पहुंचते हैं। साइफन क्षतिग्रस्त होने के कारण रास्ता असुरक्षित हो गया है। बरसात के दिनों में पानी भरने से परेशानी और बढ़ जाती है। युवाओं को मैदान तक पहुंचने के लिए कठिन रास्ते से गुजरना पड़ता है।
Advertisement
नवयुवक आमिर खान, इमरान अहमद, आसिफ अहमद, सुनील, टब्बू, अखिलेश, अजय, रुद्र, अजीत, बीपी, विभूति, परवेज और जितेंद्र ने बताया कि क्षतिग्रस्त साइफन से होकर आने-जाने में काफी परेशानी होती है। कई बार पैर फिसलने से युवक चोटिल भी हो चुके हैं। इसके बावजूद मजबूरी में उन्हें इसी रास्ते से खेल मैदान जाना पड़ता है।
युवाओं ने उच्चाधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कराते हुए मांग की कि क्षतिग्रस्त साइफन की जल्द से जल्द मरम्मत कराई जाए। उनका कहना है कि साइफन की मरम्मत होने से किसानों की सिंचाई संबंधी समस्या दूर होने के साथ ही बरसात और बाढ़ के पानी की निकासी में भी सहूलियत होगी। साथ ही खेल मैदान तक युवाओं के लिए सुरक्षित आवागमन का रास्ता उपलब्ध हो सकेगा।
