महारथपुर पोखरे पर पौधों को बचाने में जुटे युवा, कड़ी मेहनत से सींच रहे हरियाली का सपना
पौधे हमारे जीवन का आधार हैं, और इसी सोच के साथ महारथपुर पोखरे के किनारे लगाए गए पौधों को बचाने के लिए स्थानीय युवाओं ने सराहनीय पहल की है। बढ़ती गर्मी और जल संकट ने पौधों की देखभाल को चुनौतीपूर्ण बना दिया है। बाल्टी से पानी देना जहां कठिन हो गया, वहीं पानी की कमी भी बड़ी समस्या बनकर सामने आई।
शहाबगंज, चंदौली

3:47 PM, Apr 15, 2026
विनोद कुमार
जनपद न्यूज़ टाइम्स
शहाबगंज।पौधे हमारे जीवन का आधार हैं, और इसी सोच के साथ महारथपुर पोखरे के किनारे लगाए गए पौधों को बचाने के लिए स्थानीय युवाओं ने सराहनीय पहल की है। बढ़ती गर्मी और जल संकट ने पौधों की देखभाल को चुनौतीपूर्ण बना दिया है। बाल्टी से पानी देना जहां कठिन हो गया, वहीं पानी की कमी भी बड़ी समस्या बनकर सामने आई।
इस स्थिति को देखते हुए युवाओं ने आपस में चंदा इकट्ठा कर लगभग 250 मीटर पाइप खरीदा, ताकि दूर से पानी लाकर पौधों तक पहुंचाया जा सके। इसके साथ ही हैंडपंप में लगे सबमर्सिबल की मरम्मत भी कराई गई, जिससे पानी की आपूर्ति सुचारू हो सके।
बिजली कटौती के चलते युवाओं को और अधिक मेहनत करनी पड़ रही है। बुधवार की रात कुछ साथी तड़के 3 बजे ही पोखरे पर पहुंच गए और पानी देने के कार्य में जुट गए। हालांकि सुबह 7 बजे तक भी पानी की व्यवस्था पूरी तरह नहीं हो सकी, जिसके कारण तेज धूप के बीच सुबह 10 बजे से 11 बजे तक भी पौधों को पानी दिया जाता रहा।
कड़ी धूप और कठिन परिस्थितियों के बावजूद युवाओं का उत्साह कम नहीं हुआ। उनका एकमात्र उद्देश्य है कि इन पौधों को बचाकर पोखरे के परिसर को हरा-भरा बनाया जाए। इससे न केवल पर्यावरण को लाभ मिलेगा, बल्कि सुबह-शाम टहलने आने वाले लोगों को भी स्वच्छ वातावरण और मानसिक शांति मिल सकेगी।
Advertisement
स्थानीय लोगों ने युवाओं के इस प्रयास की सराहना करते हुए इसे प्रेरणादायक बताया है।
