नहर में नहाने के दौरान युवक की डूबने से मौत, परिवार में मचा कोहराम
गोविन्दीपुर साख नहर में रविवार को नहाने के दौरान 30 वर्षीय युवक की डूबने से मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
शहाबगंज, चंदौली

6:56 PM, Jul 19, 2026
विनोद कुमार
जनपद न्यूज़ टाइम्सशहाबगंज (चंदौली): क्षेत्र के गोविन्दीपुर साख नहर में रविवार को नहाने के दौरान 30 वर्षीय युवक की डूबने से मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार भूसीकृत पुरवा गांव निवासी शुभम उर्फ शैलेश (30 वर्ष), पुत्र राम आशीष प्रजापति, मोटरसाइकिल मरम्मत का कार्य करता था। बताया जाता है कि वह अपने कुछ साथियों के साथ लतीफ शाह बांध पर पार्टी मनाने गया था। वहां से लौटते समय पड़रिया गांव के सामने स्थित गोविन्दीपुर साख नहर पर सभी लोग नहाने लगे। इसी दौरान शुभम गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा।
साथियों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन तेज बहाव और गहराई के कारण वे सफल नहीं हो सके। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी खोजबीन के बाद युवक को नहर से बाहर निकाला गया। तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
Advertisement
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। घटना के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
बताया जाता है कि शुभम अपने परिवार का कमाऊ सदस्य था और मोटरसाइकिल मरम्मत कर परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घर पर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
