चोरी की मोटरसाइकिल के साथ युवक गिरफ्तार, साथी फरार
थाना इलिया पुलिस ने चेकिंग के दौरान चोरी की सुपर स्प्लेन्डर मोटरसाइकिल के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से रेडमी कंपनी का एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार, मोटरसाइकिल कुछ माह पूर्व चंदौली स्थित श्रीराधा कृष्ण लॉन से चोरी की गई थी।
इलिया, चंदौली

4:42 PM, Aug 16, 2026
विनोद कुमार
जनपद न्यूज़ टाइम्सइलिया। थाना इलिया पुलिस ने चेकिंग के दौरान चोरी की सुपर स्प्लेन्डर मोटरसाइकिल के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से रेडमी कंपनी का एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार, मोटरसाइकिल कुछ माह पूर्व चंदौली स्थित श्रीराधा कृष्ण लॉन से चोरी की गई थी।
पुलिस के मुताबिक, 15 अगस्त को मुखबिर से सूचना मिलने के बाद इलिया पुलिस टीम माल्दह की ओर नहर के रास्ते पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल आती दिखाई दी। पुलिस ने रुकने का इशारा किया तो मोटरसाइकिल पर पीछे बैठा व्यक्ति उतरकर खेत की ओर भागने लगा। पुलिस ने पीछा किया, लेकिन वह अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। वहीं मोटरसाइकिल चालक को पुलिस ने पकड़ लिया।
पकड़े गए युवक की पहचान लोरिक यादव (19) पुत्र दुखन्ती यादव, निवासी हाटा, थाना चैनपुर, जिला कैमूर-भभुआ, बिहार के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से रेडमी कंपनी का एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद हुआ।
पुलिस ने मोटरसाइकिल के चेचिस नंबर की ई-चालान ऐप के माध्यम से जांच की तो उसका पंजीकरण नंबर UP67Y0755 और वाहन सुपर स्प्लेन्डर हीरो, रंग काला पाया गया। पुलिस ने वाहन स्वामी को दूरभाष के माध्यम से सूचना दी।
Advertisement
पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्त ने पुलिस को बताया कि उसने अपने साथी के साथ कुछ माह पूर्व चंदौली स्थित श्रीराधा कृष्ण लॉन से उक्त मोटरसाइकिल चोरी की थी। दोनों मोटरसाइकिल से चकिया स्थित रिश्तेदारी में जा रहे थे, तभी पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।
पुलिस ने मामले में थाना इलिया पर मु0अ0सं0 73/2026, धारा 317(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। फरार साथी की तलाश की जा रही है।
बरामदगी: एक सुपर स्प्लेन्डर मोटरसाइकिल और एक रेडमी एंड्रॉयड मोबाइल फोन।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष चंदन कुमार राय, उपनिरीक्षक रविन्द्र कुमार सिंह, कांस्टेबल रवि यादव और कांस्टेबल शिवम सिंह शामिल रहे।
