रहस्यमय परिस्थितियों में युवक ने की आत्महत्या
बलुआ थाना क्षेत्र के नदेसर मारूफपुर गांव निवासी 28 वर्षीय विकास मौर्या ने मंगलवार की अल सुबह फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी होते ही गांव में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
चहनिया, चंदौली

नदेसर गांव में मौके पर जुटी भीड़ व मौजूद पुलिस
1:03 PM, May 19, 2026
सुधींद्र पांडेय
जनपद न्यूज़ टाइम्सचहनियां। बलुआ थाना क्षेत्र के नदेसर मारूफपुर गांव निवासी 28 वर्षीय विकास मौर्या ने मंगलवार की अल सुबह फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी होते ही गांव में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार विकास मौर्या पुत्र अंगद मौर्या अपने परिवार के साथ खेती-बाड़ी का कार्य करता था। परिजनों के मुताबिक वह मंगलवार तड़के करीब चार बजे घर से खेत की ओर जाने की बात कहकर निकला था। कुछ देर बाद परिवार के अन्य सदस्य भी खेत पहुंचे, लेकिन विकास वहां नहीं मिला।
बताया गया कि गांव के पूर्वी छोर पर स्थित मां काली मंदिर के पास युवकों द्वारा लगाए गए बांस के ढांचे पर उसने अपने गमछे के सहारे फांसी लगा ली। सुबह टहलने निकले ग्रामीणों की नजर जब उस पर पड़ी तो गांव में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
मृतक के दादा लालजी मौर्या ने बताया कि विकास घर से सामान्य स्थिति में निकला था। घटना की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद बलुआ थाना पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई।
Advertisement
थाना प्रभारी अरुण प्रताप सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
घटना के बाद मृतक की मां बैजन्ती देवी, पत्नी आकांक्षा और भाई विशाल का रो-रोकर बुरा हाल रहा। वहीं तीन वर्षीय बेटी आयुषी परिवार के लोगों को देखती रही, जिससे माहौल गमगीन हो गया।
