धान रोपाई की तैयारी के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से युवा किसान की मौत, परिवार में मचा कोहराम
चंदौली के धानापुर क्षेत्र के कवलपुरा निवासी श्याम कुमार सिंह (40) पुत्र स्वर्गीय तेजबहादुर सिंह रविवार को सुबह लगभग 11 बजे धान रोपाई के लिए खेत में लेव (कीचड़ तैयार) कर रहे थे। इसी दौरान अचानक तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिर गई, जिसकी चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गए।
धानापुर, चंदौली

1:20 PM, Jul 19, 2026
मृतक श्याम कुमार सिंह का फाइल फोटो
धानापुर (चंदौली)। थाना क्षेत्र के कवलपुरा गांव में रविवार को धान रोपाई की तैयारी के दौरान खेत में काम कर रहे एक किसान की आकाशीय बिजली गिरने से मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, कवलपुरा निवासी श्याम कुमार सिंह (40) पुत्र स्वर्गीय तेजबहादुर सिंह रविवार को सुबह लगभग 11 बजे धान रोपाई के लिए खेत में लेव (कीचड़ तैयार) कर रहे थे। इसी दौरान अचानक तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिर गई, जिसकी चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गए।
Advertisement
परिजन तत्काल उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धानापुर लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक अपने पीछे पत्नी कुमकुम सिंह, पुत्र ऋषभ सिंह एवं राघवेंद्र प्रताप सिंह को छोड़ गए हैं। पति की असमय मौत से पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जाता है कि श्याम कुमार दो भाइयों में छोटे थे, जबकि उनके बड़े भाई रिंकू सिंह वाराणसी में रहते हैं।
घटना की जानकारी मिलने पर क्षेत्रीय विधायक सुशील सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि और ग्रामीण सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे तथा शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दी।
इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक सूर्य प्रकाश मिश्रा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
