किश्त बकाया होने पर ट्रक छीनने के आरोप में यार्ड संचालक गिरफ्तार, लूटा गया ट्रक बरामद
पुलिस के अनुसार, चालक अमिताभ साहनी निवासी मुजफ्फरपुर (थाना चकिया, चन्दौली) ने शिकायत दी थी कि 2 जून 2026 को नौबतपुर के पास कुछ लोग स्वयं को फाइनेंसर बताकर बिना नंबर प्लेट की तीन-चार चारपहिया वाहनों से पहुंचे और उनके ट्रक संख्या BR44GA7998 को जबरन रोक लिया। विरोध करने पर ट्रक के खलासी के साथ मारपीट की गई और वाहन को जबरन लेकर चले गए। शिकायत में बताया गया कि वाहन की केवल एक किस्त 47,958 रुपये बकाया थ
चंदौली

5:19 PM, Jun 4, 2026
चन्दौली। थाना सैयदराजा क्षेत्र के नौबतपुर में ट्रक की किश्त बकाया होने पर फाइनेंस एजेंसी के नाम पर वाहन जबरन ले जाने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर ट्रक बरामद कर लिया है। पुलिस ने इस मामले में लूट का मुकदमा दर्ज किया है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, चालक अमिताभ साहनी निवासी मुजफ्फरपुर (थाना चकिया, चन्दौली) ने शिकायत दी थी कि 2 जून 2026 को नौबतपुर के पास कुछ लोग स्वयं को फाइनेंसर बताकर बिना नंबर प्लेट की तीन-चार चारपहिया वाहनों से पहुंचे और उनके ट्रक संख्या BR44GA7998 को जबरन रोक लिया। विरोध करने पर ट्रक के खलासी के साथ मारपीट की गई और वाहन को जबरन लेकर चले गए। शिकायत में बताया गया कि वाहन की केवल एक किस्त 47,958 रुपये बकाया थी।
शिकायत के आधार पर थाना सैयदराजा में अभियोग संख्या 172/2026 के तहत धारा 309(6) एवं 317(2) बीएनएस में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि वाहन को बिहार के कैमूर जनपद स्थित दुर्गावती के वैष्णवी एसोसिएट्स पार्किंग यार्ड में खड़ा किया गया है। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए यार्ड संचालक प्रिंस सिंह पुत्र टुन्नु सिंह उर्फ भानु प्रताप, निवासी दुलही, थाना चांद, जनपद कैमूर (बिहार) को गिरफ्तार कर लिया तथा ट्रक बरामद कर लिया।
Advertisement
पुलिस का कहना है कि मामले में फाइनेंस एजेंसी भारत रेपोशेशन एजेंसी के अन्य कर्मचारियों की भूमिका भी सामने आई है। उनकी गिरफ्तारी एवं अन्य वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक चन्दौली ने बताया कि दो माह पूर्व फाइनेंस एजेंसियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर स्पष्ट निर्देश दिए गए थे कि ऋण वसूली के दौरान किसी भी प्रकार की जबरदस्ती, धमकी या अवैध दबाव का प्रयोग न किया जाए। यदि कोई एजेंट या कर्मचारी वाहन जबरन कब्जे में लेने अथवा अभद्र व्यवहार करने का दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ लूट समेत गंभीर धाराओं में कार्रवाई की जाएगी।
बरामदगी की कार्रवाई 4 जून 2026 को दोपहर 1:10 बजे थाना सैयदराजा पुलिस टीम द्वारा की गई। पुलिस टीम में थानाध्यक्ष अशोक कुमार मिश्र, उपनिरीक्षक संतोष तिवारी समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
