तेज रफ्तार डंपर का कहर, बुजुर्ग की मौत के बाद उग्र हुए ग्रामीण, चकिया–मुगलसराय मार्ग जाम; डीएम को मौके पर बुलाने की मांग
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, डंपर चकिया के सोनौल क्षेत्र से मिट्टी लादकर मुगलसराय की ओर जा रहा था। इसी दौरान सड़क किनारे जा रहे बुजुर्ग को उसने टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। हादसे के तुरंत बाद ग्रामीणों ने चालक को दौड़ाकर पकड़ लिया।
चन्दौली

9:22 AM, Apr 13, 2026
विनोद कुमार
जनपद न्यूज़ टाइम्सचंदौली। बबुरी थाना क्षेत्र के बिठवल गांव में सोमवार सुबह तेज रफ्तार डंपर की टक्कर से 70 वर्षीय बुजुर्ग नरेंद्र कुमार झा (निवासी भटौली) की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद गांव में आक्रोश फैल गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, डंपर चकिया के सोनौल क्षेत्र से मिट्टी लादकर मुगलसराय की ओर जा रहा था। इसी दौरान सड़क किनारे जा रहे बुजुर्ग को उसने टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। हादसे के तुरंत बाद ग्रामीणों ने चालक को दौड़ाकर पकड़ लिया।
Advertisement
घटना से नाराज ग्रामीणों ने चकिया–मुगलसराय मार्ग पर जाम लगा दिया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। ग्रामीणों का आरोप है कि दिन में भारी वाहनों के संचालन के कारण लगातार हादसे हो रहे हैं, जबकि ऐसे वाहनों का संचालन रात में किया जाना चाहिए।
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए और लोगों को समझाने का प्रयास जारी है। हालांकि, ग्रामीण जिला अधिकारी को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े हुए हैं। पुलिस जाम हटवाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।