पत्नी ने प्रेमी और उसके साथी के साथ मिलकर कराई पति की हत्या, 24 घंटे में पुलिस ने किया खुलासा
अलीनगर थाना क्षेत्र के महेवा गौरी माइनर के पास मिले युवक के शव की गुत्थी को चंदौली पुलिस ने 24 घंटे के भीतर सुलझाने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार, मृतक की पत्नी ने अपने कथित प्रेमी और उसके साथी के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची थी। मामले में तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
चंदौली

4:06 PM, Jun 26, 2026
जमीन दिखाने के बहाने ले जाकर गला रेतकर हत्या का आरोप, पत्नी समेत तीन गिरफ्तार; चाकू, बाइक और अन्य साक्ष्य बरामद
चंदौली। अलीनगर थाना क्षेत्र के महेवा गौरी माइनर के पास मिले युवक के शव की गुत्थी को चंदौली पुलिस ने 24 घंटे के भीतर सुलझाने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार, मृतक की पत्नी ने अपने कथित प्रेमी और उसके साथी के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची थी। मामले में तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, 25 जून 2026 को महेवा गौरी माइनर के पास पुलिया के नीचे एक अज्ञात व्यक्ति का गला रेतकर हत्या किया गया शव बरामद हुआ था। सूचना मिलने पर थाना अलीनगर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
बाद में शव की पहचान महादेवपुर निवासी 40 वर्षीय राजेश कुमार के रूप में हुई। मृतक के भाई रमेश ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि राजेश कुमार की पत्नी उर्मिला देवी के लखमीपुर निवासी जितेंद्र शर्मा उर्फ राहुल से कथित प्रेम संबंध थे। वह इन संबंधों का विरोध करता था, जिससे घर में अक्सर विवाद होता था।
Advertisement
पुलिस के अनुसार, इसी विवाद के चलते उर्मिला देवी ने अपने कथित प्रेमी जितेंद्र शर्मा और उसके साथी विनोद पाल के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई। 24 जून को राजेश कुमार को जमीन दिखाने के बहाने घर से बुलाया गया। रास्ते में उसे शराब पिलाई गई और देर शाम महेवा नहर पुलिया के पास ले जाकर धारदार चाकू से गला रेतकर उसकी हत्या कर दी गई। इसके बाद शव को नहर में फेंक दिया गया।
प्रभारी निरीक्षक घनश्याम शुक्ल के नेतृत्व में अलीनगर पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर रेवसा अंडरपास के पास चेकिंग के दौरान बिहार भागने की फिराक में जा रहे जितेंद्र शर्मा और विनोद पाल को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त खून लगा चाकू, रक्तरंजित कपड़े, सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (UP65BY1092), दो मोबाइल फोन तथा ₹870 नकद बरामद किए। इसके बाद पुलिस ने उर्मिला देवी को भी उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी जितेंद्र शर्मा ने कथित रूप से हत्या की साजिश और उसमें अपनी भूमिका स्वीकार की है। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
