30 मार्च से शुरू हुई गेहूं खरीद, 69 केंद्रों पर 15 जून तक होगी खरीद
चंदौली। जनपद में रबी विपणन वर्ष 2026–27 के तहत 30 मार्च 2026 से गेहूं खरीद शुरू हो चुकी है, जो 15 जून 2026 तक चलेगी। इस वर्ष सरकार ने गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) ₹2585 प्रति क्विंटल निर्धारित किया है, जो पिछले वर्ष की तुलना में ₹160 अधिक है।
चंदौली

3:55 PM, Apr 10, 2026
चंदौली। जनपद में रबी विपणन वर्ष 2026–27 के तहत 30 मार्च 2026 से गेहूं खरीद शुरू हो चुकी है, जो 15 जून 2026 तक चलेगी। इस वर्ष सरकार ने गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) ₹2585 प्रति क्विंटल निर्धारित किया है, जो पिछले वर्ष की तुलना में ₹160 अधिक है।
जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जनपद में कुल 69 गेहूं क्रय केंद्र संचालित किए हैं। इनमें खाद्य विभाग के 24, पीसीएफ के 21, पीसीयू के 14, यूपीएसएस के 5, भारतीय खाद्य निगम के 4 तथा मंडी समिति का 1 क्रय केंद्र शामिल है। आवश्यकता पड़ने पर और केंद्र भी खोले जा सकते हैं।
शासन के निर्देशानुसार फार्मर रजिस्ट्री के बिना गेहूं खरीद नहीं की जाएगी। किसानों को सलाह दी गई है कि वे क्रय केंद्र पर गेहूं लाने से पहले अपनी फार्मर रजिस्ट्री अवश्य कराएं, ताकि उन्हें बिक्री में कोई परेशानी न हो और प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ भी मिलता रहे।
जिला खाद्य विपणन अधिकारी राघवेंद्र सिंह ने मंडी में चल रही गेहूं खरीद का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि क्रय केंद्रों पर पर्याप्त मात्रा में बोरे उपलब्ध हैं और शासन के निर्देश पर उचित दर विक्रेताओं से भी बोरे प्राप्त किए जा रहे हैं।
Advertisement
उन्होंने किसानों को सलाह दी कि गेहूं बेचने से पहले किसी जन सुविधा केंद्र, साइबर कैफे, मोबाइल ऐप या खाद्य विभाग के पोर्टल Fes.up.gov.in पर ऑनलाइन पंजीकरण या नवीनीकरण अवश्य करा लें।
पंजीकरण के बाद किसानों का सत्यापन पोर्टल पर स्वतः प्रदर्शित हो जाएगा। यदि किसी कारण से सत्यापन लंबित दिखता है तो किसान अपनी सत्यापित खतौनी, खसरा, आधार कार्ड और पंजीकरण प्रपत्र लेकर सीधे क्रय केंद्र पर जा सकते हैं, जहां केंद्र प्रभारी द्वारा इन्हीं दस्तावेजों के आधार पर गेहूं खरीद लिया जाएगा।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सत्यापन के लिए किसानों को लेखपाल या किसी राजस्व कार्यालय के चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं है।
