भारी बरसात से दो दर्जन गांवों में जलभराव, किसानों ने जर्जर रेगुलेटर जेसीबी से गिराया
शहाबगंज। क्षेत्र में लगातार हुई भारी बरसात के बाद शहाबगंज विकासखंड के करीब दो दर्जन गांवों में जलभराव से तबाही का मंजर खौफनाक हो गया है। खेतों में पानी भरने से किसानों की धान की फसल प्रभावित हो रही है। जलनिकासी की व्यवस्था नहीं होने से ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
शहाबगंज, चंदौली

4:07 PM, Aug 26, 2026
विनोद कुमार
जनपद न्यूज़ टाइम्स
शहाबगंज। क्षेत्र में लगातार हुई भारी बरसात के बाद शहाबगंज विकासखंड के करीब दो दर्जन गांवों में जलभराव से तबाही का मंजर खौफनाक हो गया है। खेतों में पानी भरने से किसानों की धान की फसल प्रभावित हो रही है। जलनिकासी की व्यवस्था नहीं होने से ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
किसान विकास मंच के कार्यकर्ताओं का आरोप है कि बंधी डिवीजन द्वारा खिलची ड्रेन की इमिलिया, परमंदापुर, पचपरा और जेंगुरीं क्षेत्र में लंबे समय से सफाई नहीं कराई गई। किसानों ने कई बार अधिकारियों से ड्रेन की सफाई की मांग की थी। जिला किसान दिवस में भी सफाई का आश्वासन दिया गया था, लेकिन इसके बावजूद कार्य नहीं कराया गया।
पचपरा और जेंगुरीं के बीच करीब 15 वर्ष पुराने रेगुलेटर के कारण पानी की निकासी बाधित हो रही थी। किसानों ने दो गेट के स्थान पर चार गेट वाला रेगुलेटर बनाने की मांग की। बंधी डिवीजन के सहायक अभियंता हीरालाल यादव, अवर अभियंता अजेश्वर सिंह और अवर अभियंता प्रकाश यादव की मौजूदगी में किसानों ने जेसीबी लगवाकर जर्जर रेगुलेटर को जमींदोज करा दिया। इस दौरान थाना इलिया के प्रभारी निरीक्षक चंदन राय के नेतृत्व में भारी पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा और शांति व्यवस्था बनाए रखी।
Advertisement
वहीं केरायगांव ड्रेन स्थित इमिलिया रेगुलेटर में तीन से चार फीट ऊंचे ब्रेकर को तोड़कर जलनिकासी सुचारु कराने की मांग किसानों ने अधिकारियों से की। भरुहिया रेगुलेटर के जाम गेट को भी बंधी डिवीजन के अधिकारियों ने खुलवाया। अधिकारियों ने केरायगांव पहुंचकर बाढ़ की स्थिति का निरीक्षण कर जलनिकासी की स्थिति का जायजा लिया।
खिलची ड्रेन का पानी उफनाने के बाद किसानों ने जेसीबी मशीन लगाकर ड्रेन के तटबंध को कटवाया और पानी को नहर की ओर निकालने की व्यवस्था की। घोड़सारी गांव में करीब 300 बीघा कृषि भूमि जलभराव की चपेट में है। किसानों ने जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था कराने और सभी ड्रेनों की तत्काल सफाई कराने की मांग की है।
इस दौरान अनुग्रह नारायण सिंह उर्फ बंटी, बनारसी पांडेय, विजय शंकर सिंह बाबिल, राम अवध सिंह, करुणाकर सिंह, कन्हैया सिंह, अनिल सिंह, उमाशंकर पांडेय, बलवंत सिंह, भुवनेश्वर सिंह, अर्जुन सिंह, मंटू दूबे, नीरज सिंह सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।
