दहेज हत्या के मामले में वांछित पति गिरफ्तार, मुगलसराय पुलिस की कार्रवाई
मुगलसराय पुलिस ने दहेज हत्या के मामले में वांछित आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी अपने घर से फरार होने की फिराक में था, तभी मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर उसे दबोच लिया गया।
चंदौली

4:13 PM, Jul 1, 2026
विनोद कुमार
जनपद न्यूज़ टाइम्स2022 में हुई थी शादी, मायके पक्ष ने हत्या कर आत्महत्या का रूप देने का लगाया आरोप
Writing
चंदौली। मुगलसराय पुलिस ने दहेज हत्या के मामले में वांछित आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी अपने घर से फरार होने की फिराक में था, तभी मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर उसे दबोच लिया गया।
पुलिस के मुताबिक, 27 जून 2026 को मीरजापुर जनपद के जमालपुर थाना क्षेत्र के कैमा रसूलपुर निवासी किशन पटेल ने मुगलसराय थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उनकी बहन प्रिया पटेल की शादी वर्ष 2022 में मुगलसराय थाना क्षेत्र के हनुमानपुर निवासी अजय पटेल उर्फ गोपी पटेल से हुई थी। विवाह के बाद से पति, देवर और ननद द्वारा दहेज की मांग को लेकर उसे लगातार प्रताड़ित किया जाता था।
Advertisement
तहरीर के अनुसार, 22 जून को प्रिया मायके से ससुराल लौटी थी। 26 जून की रात करीब 8:30 बजे पति ने फोन कर प्रिया के फांसी लगाकर आत्महत्या करने की सूचना दी। मौके पर पहुंचे परिजनों ने आरोप लगाया कि मृतका के गले पर फांसी के निशान नहीं थे और उसकी हत्या कर घटना को आत्महत्या का रूप देने का प्रयास किया गया।
शिकायत के आधार पर मुगलसराय थाने में मुकदमा संख्या 316/2026 के तहत संबंधित धाराओं तथा दहेज प्रतिषेध अधिनियम की धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन और थानाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 1 जुलाई 2026 को मुखबिर की सूचना पर हनुमानपुर में छापेमारी कर वांछित आरोपी अजय पटेल उर्फ गोपी पटेल (29 वर्ष) को उसके घर के बाहर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मामले की विवेचना जारी है तथा जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
