घुरहूपुर की पहाड़ी पर पहुंचे वियतनाम के बौद्ध भिक्षु, बुद्ध प्रतिमा के समक्ष किया दीप प्रज्ज्वलन
शहाबगंज (चंदौली)। क्षेत्र के ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्व वाले घुरहूपुर स्थित बौद्ध स्थल पर शनिवार को श्रीलंका के नेतृत्व में वियतनाम के बौद्ध भिक्षुओं का दल पहुंचा। इस दौरान बौद्ध अनुयायियों ने भगवान बुद्ध की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर श्रद्धापूर्वक नमन किया तथा बुद्ध के संदेशों का स्मरण किया।
शहाबगंज, चंदौली

3:31 PM, Sep 28, 2026
विनोद कुमार
जनपद न्यूज़ टाइम्स
शहाबगंज (चंदौली)। क्षेत्र के ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्व वाले घुरहूपुर स्थित बौद्ध स्थल पर सोमवार को श्रीलंका के नेतृत्व में वियतनाम के बौद्ध भिक्षुओं का दल पहुंचा। इस दौरान बौद्ध अनुयायियों ने भगवान बुद्ध की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर श्रद्धापूर्वक नमन किया तथा बुद्ध के संदेशों का स्मरण किया।
वियतनाम के प्रसिद्ध बौद्ध भिक्षु वेन थिक मीन क्वांग के साथ 13 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने घुरहूपुर की पहाड़ी पर स्थित बुद्ध की भित्ति चित्रों, प्राचीन गुफाओं एवं अन्य बौद्ध अवशेषों का अवलोकन किया। बौद्ध भिक्षुओं ने स्थल की ऐतिहासिक और आध्यात्मिक महत्ता की सराहना करते हुए कहा कि भगवान बुद्ध से जुड़े पवित्र स्थलों पर पहुंचकर उन्हें अत्यंत शांति और आत्मिक सुख की अनुभूति हुई। उन्होंने कहा कि भारत भगवान बुद्ध की तपोभूमि और ज्ञानभूमि है तथा यहां के बौद्ध स्थलों का दर्शन उनके लिए अविस्मरणीय अनुभव है।
Advertisement
भिक्षुओं ने घुरहूपुर पहाड़ी की प्राकृतिक सुंदरता और वहां संरक्षित बौद्ध धरोहरों की भी प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि ऐसे स्थलों के संरक्षण और विकास से विश्वभर के बौद्ध अनुयायियों को भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने का अवसर मिलेगा।
इस अवसर पर बौद्ध संस्थान के अध्यक्ष वशिष्ठ मौर्य ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि घुरहूपुर का बौद्ध स्थल ऐतिहासिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है और यहां देश-विदेश से श्रद्धालुओं का आगमन होता रहता है। कार्यक्रम में गोविन्द मौर्य, ओम प्रकाश, रमाशंकर राजभर, महेन्द्र राजभर, चिथरु राजभर सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
