ग्राफ्टेड पौधों से सब्जी की खेती को मिलेगा बढ़ावा, किसानों को निशुल्क पौधे व प्रशिक्षण की सुविधा
धानापुर। एकीकृत बागवानी विकास मिशन परियोजना के तहत किसानों को ग्राफ्टेड (कलमी) पौधों से सब्जी की खेती के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। भारतीय सब्जी अनुसंधान संस्थान, वाराणसी के वैज्ञानिकों की देखरेख में बैंगन, टमाटर, मिर्च सहित अन्य सब्जियों के ग्राफ्टेड पौधे तैयार किए जा रहे हैं।
चंदौली

6:19 PM, Sep 1, 2026
धानापुर। एकीकृत बागवानी विकास मिशन परियोजना के तहत किसानों को ग्राफ्टेड (कलमी) पौधों से सब्जी की खेती के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। भारतीय सब्जी अनुसंधान संस्थान, वाराणसी के वैज्ञानिकों की देखरेख में बैंगन, टमाटर, मिर्च सहित अन्य सब्जियों के ग्राफ्टेड पौधे तैयार किए जा रहे हैं।
शिवानंदम फार्मर्स प्रोड्यूसर कंपनी, खड़ान धानापुर के निदेशक रमेश सिंह और ओमप्रकाश सिंह ने बताया कि संस्थान में ग्राफ्टेड पौधे करीब 10 रुपये प्रति पौधा उपलब्ध कराए जा रहे हैं। वहीं, प्रशिक्षण प्राप्त कुछ किसान इन पौधों को तैयार कर 13 से 15 रुपये प्रति पौधे की दर से बिक्री कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि ग्राफ्टेड पौधों में नीचे की जड़ जंगली पौधों से ली जाती है। इससे भूमि जनित रोगों और कीटों का प्रकोप अपेक्षाकृत कम होता है। जलभराव की स्थिति में भी पौधों की सहनशीलता बेहतर रहती है। साथ ही पौधों का विकास और उत्पादन अच्छा होने की उम्मीद रहती है, जिससे किसानों को कम लागत में बेहतर उत्पादन मिल सकता है।
ग्राफ्टिंग विधि का प्रशिक्षण लेने के लिए विभाग की ओर से छह हजार रुपये शुल्क निर्धारित है। हालांकि चंदौली और वाराणसी के एफपीओ से जुड़े किसानों को निशुल्क प्रशिक्षण की सुविधा दी जाएगी। प्रशिक्षण प्राप्त किसान स्वयं ग्राफ्टेड पौधे तैयार कर उनकी बिक्री के माध्यम से व्यवसाय भी शुरू कर सकते हैं।
Advertisement
उन्होंने बताया कि जो किसान तीन विश्वा या उससे अधिक क्षेत्रफल में बैंगन अथवा टमाटर की खेती करना चाहते हैं, उन्हें भारतीय सब्जी अनुसंधान संस्थान की ओर से निशुल्क कलमी पौधे उपलब्ध कराए जाएंगे। खेती वैज्ञानिकों की देखरेख में कराई जाएगी तथा आवश्यक दवाएं भी निशुल्क उपलब्ध कराने की बात कही गई है।
इच्छुक किसान इस योजना का लाभ लेने के लिए शिवानंदम फार्मर्स प्रोड्यूसर कंपनी, खड़ान धानापुर के निदेशक रमेश सिंह और ओमप्रकाश सिंह से संपर्क कर सकते हैं।
संपर्क नंबर: 7068420345, 9005522798
