दिन में करते थे रेकी, रात में तोड़ते थे ताले: अंतरजनपदीय चोर गिरोह के आठ सदस्य गिरफ्तार
मुगलसराय (चंदौली)। थाना मुगलसराय क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं का पुलिस ने बुधवार को खुलासा कर दिया। एसओजी, सर्विलांस और थाना मुगलसराय पुलिस की संयुक्त टीम ने चोरी करने वाले अंतरजनपदीय गिरोह के आठ सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और उनकी निशानदेही पर 3.50 लाख रुपये नकद, दो लैपटॉप, सोनी कंपनी की एलईडी टीवी, इंडेन गैस सिलेंडर, सोने-चांदी के आभूषण समेत चोरी में इस्ते

4:11 PM, Sep 16, 2026
मुगलसराय में एसओजी, सर्विलांस और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, 3.50 लाख रुपये नकद समेत सोने-चांदी के आभूषण बरामद
मुगलसराय (चंदौली)। थाना मुगलसराय क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं का पुलिस ने बुधवार को खुलासा कर दिया। एसओजी, सर्विलांस और थाना मुगलसराय पुलिस की संयुक्त टीम ने चोरी करने वाले अंतरजनपदीय गिरोह के आठ सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और उनकी निशानदेही पर 3.50 लाख रुपये नकद, दो लैपटॉप, सोनी कंपनी की एलईडी टीवी, इंडेन गैस सिलेंडर, सोने-चांदी के आभूषण समेत चोरी में इस्तेमाल किए गए ऑटो रिक्शा और एक वेन्यू कार बरामद की है।
पुलिस के अनुसार गिरोह के सदस्य दिन में बंद और सूने मकानों की रेकी करते थे। इसके बाद रात में मौका देखकर ताला तोड़कर घर में दाखिल होते और नकदी व जेवरात समेत कीमती सामान चोरी कर लेते थे। चोरी के सामान और नकदी को आपस में बांट लिया जाता था। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने मुगलसराय के अलावा चंदौली और बलुआ थाना क्षेत्रों में भी कई चोरी की घटनाओं को अंजाम देने की बात स्वीकार की है।
नाचघर के पास चोरी के माल के बंटवारे की सूचना पर दबोचे गए
पुलिस के मुताबिक 16 सितंबर को स्वाट, सर्विलांस और थाना मुगलसराय पुलिस की टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि इंडियन इंस्टीट्यूट नाचघर के पास सफेद रंग की वेन्यू कार और ऑटो रिक्शा के पास कुछ संदिग्ध लोग चोरी के माल के बंटवारे को लेकर बातचीत कर रहे हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी और पूछताछ के बाद उनकी निशानदेही पर चोरी का सामान बरामद किया गया।
चोरी के रुपयों से खरीदी थी वेन्यू कार
पुलिस ने आरोपियों के पास से वेन्यू कार संख्या UP67AB8628 और ऑटो रिक्शा संख्या UP65JT0599 बरामद किया है। पुलिस के अनुसार वेन्यू कार चोरी से मिले रुपयों से खरीदी गई थी और गिरोह के सदस्य इसका इस्तेमाल रेकी और चोरी की वारदातों में करते थे।
पांच प्रमुख चोरी की घटनाओं का हुआ खुलासा
पुलिस के मुताबिक गिरोह ने हाल के दिनों में मुगलसराय क्षेत्र में कई घरों को निशाना बनाया था। इनमें 25 अगस्त को सिद्धार्थपुरम कॉलोनी में बाबूलाल प्रसाद यादव के घर से करीब पांच लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण, एलईडी टीवी, कपड़े और 80 हजार रुपये नकद चोरी करने का मामला शामिल है।
26 अगस्त को आरपीएफ कॉलोनी स्थित रेलवे क्वार्टर में पीछे की खिड़की तोड़कर सोने की चेन, दो अंगूठी, गैस सिलेंडर, टीवी और 3500 रुपये चोरी किए गए थे।
इसी तरह एक अगस्त को इंडियन इंस्टीट्यूट कॉलोनी के क्वार्टर से सोने के झुमके, टॉप्स, चेन, पायल, अंगूठी, नथुनी और एक लाख रुपये नकद चोरी हुए थे। 31 अगस्त को न्यू सेंट्रल कॉलोनी में आठ हजार रुपये नकद और करीब 50 हजार रुपये के आभूषण चोरी किए गए थे। 20/21 अगस्त की रात रेलवे कर्मचारी के ओल्ड सेंट्रल कॉलोनी स्थित क्वार्टर से लैपटॉप, सोने की अंगूठी और 7500 रुपये चोरी किए गए थे।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम
पुलिस ने प्रशान्त सोनी उर्फ बाबू सेठ, विशाल भारती, रहमान उर्फ आंखी, राजेश सिंह, अनिल गुप्ता, दीपक जायसवाल उर्फ रवीन्द्र कुमार जायसवाल, तुषार वर्मा और लकी जायसवाल को गिरफ्तार किया है।
किसके पास से क्या मिला
Advertisement
प्रशान्त सोनी उर्फ बाबू सेठ से 50 हजार रुपये और मोबाइल।
विशाल भारती से 50 हजार रुपये और तीन मोबाइल।
रहमान उर्फ आंखी से 30 हजार रुपये, एक जोड़ी पायल और मोबाइल।
राजेश सिंह से 30 हजार रुपये और मोबाइल।
अनिल गुप्ता से 30 हजार रुपये और मोबाइल।
दीपक जायसवाल से 30 हजार रुपये और मोबाइल।
तुषार वर्मा से एक लाख रुपये और दो मोबाइल।
लकी जायसवाल से 30 हजार रुपये और मोबाइल।
इस प्रकार पुलिस ने कुल 3.50 लाख रुपये नकद बरामद किए।
इसके अलावा दो डेल लैपटॉप, सोनी एलईडी टीवी, इंडेन गैस सिलेंडर, दो जोड़ी पायल, तीन मीना, एक अंगूठी और एक कान की बाली भी बरामद की गई।
कई मुकदमों में दर्ज है नाम
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में कई के खिलाफ पहले से चोरी समेत अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। प्रशान्त सोनी के खिलाफ मुगलसराय, चंदौली और बलुआ थानों में चोरी के कई मुकदमे दर्ज हैं। विशाल भारती के खिलाफ चोरी के मामलों के साथ हत्या और अन्य धाराओं में भी मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। रहमान उर्फ आंखी के खिलाफ भी चोरी के कई पुराने मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस के मुताबिक गिरोह के सदस्यों के खिलाफ एक दर्जन से अधिक मुकदमे पहले से दर्ज हैं। बरामदगी के आधार पर संबंधित मुकदमों में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस टीम को मिली सफलता
कार्रवाई पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सदर अनंत चंद्रशेखर और क्षेत्राधिकारी पीडीडीयू नगर अरुण कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में की गई। टीम में थाना मुगलसराय के थानाध्यक्ष अर्जुन सिंह, स्वाट प्रभारी निरीक्षक राम जन्म यादव, सर्विलांस टीम के उपनिरीक्षक आशीष मिश्रा समेत थाना मुगलसराय, स्वाट और सर्विलांस टीम के पुलिसकर्मी शामिल रहे।
