गोवंश तस्करी के मामले में दो वांछित गिरफ्तार, पूछताछ में सामने आया नेटवर्क
चंदौली। कंदवा थाना पुलिस और सैयदराजा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने गोवंश से संबंधित मामले में दो वांछित आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपितों पर गोवध निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता अधिनियम और बीएनएस की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज था।
कंदवा, चंदौली

5:39 PM, Aug 21, 2026
चंदौली। कंदवा थाना पुलिस और सैयदराजा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने गोवंश से संबंधित मामले में दो वांछित आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपितों पर गोवध निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता अधिनियम और बीएनएस की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज था।
पुलिस के मुताबिक सैयदराजा थाना क्षेत्र की टीम ने गाजीपुर जिले के दिलदारनगर थाना क्षेत्र के उसियां निवासी जावेद अहमद (42) को 20 अगस्त को उसके घर से गिरफ्तार किया। वहीं कंदवा पुलिस ने बिहार के कैमूर जिले के दुर्गावती थाना क्षेत्र के डुमरी निवासी अतहर कुरैशी (50) को मुखबिर की सूचना पर ककरैत नहर पुलिया के पास से गिरफ्तार किया।
पूछताछ में पुलिस के अनुसार जावेद ने बताया कि वह अपने साथियों के साथ उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों से गोवंश मंगाकर बिहार के नुआंव में एकत्र करता था। इसके बाद गोवंशों को बिहार, पश्चिम बंगाल और अन्य राज्यों में भेजा जाता था। पुलिस के मुताबिक अतहर ने भी इसी तरह गोवंशों को नुआंव मेले में लाकर दूसरे राज्यों में भेजने की बात स्वीकार की है।
Advertisement
पुलिस के अनुसार आरोपितों ने बताया कि इस कारोबार से संबंधित धनराशि का लेन-देन विभिन्न ग्राहक सेवा केंद्रों के माध्यम से किया जाता था। पूछताछ में सामने आए अन्य लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है और उनके खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
दोनों आरोपितों के खिलाफ मु0अ0सं0 27/2026, धारा 3/5ए/5बी/8 गोवध निवारण अधिनियम, धारा 11 पशु क्रूरता अधिनियम तथा धारा 19(1)/61(2) बीएनएस के तहत कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी में कंदवा और सैयदराजा थाने की पुलिस टीमें शामिल रहीं।
