बकरी चराने को लेकर हुए विवाद में दो आरोपी गिरफ्तार, लाठी और रॉड बरामद
थाना बबुरी पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए दो वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक लाठी और एक लोहे की रॉड भी बरामद की है।
चंदौली

3:59 PM, May 16, 2026
चन्दौली। थाना बबुरी पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए दो वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक लाठी और एक लोहे की रॉड भी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार 14 मई 2026 की शाम करीब 4:30 बजे ग्राम भैसही निवासी विभूती अपने घर के पास परमहंस तिवारी के खेत में बकरी चरा रहे थे। इसी दौरान उन्होंने अपने बांस के पेड़ से एक डंडी तोड़ ली, जिसको लेकर गांव के कुछ लोगों से विवाद हो गया। आरोप है कि लालब्रत, लल्लन, हरिश्चन्द्र उर्फ टुनटुन, सोती, जशवंत, आदर्श, संदीप और भन्टू ने गाली-गलौज करते हुए विभूती पर हमला कर दिया।
मारपीट के दौरान विभूती के सिर पर हमला किया गया। शोर सुनकर बचाव करने पहुंचे चिन्ता मणि, रामकरण, गुड़िया और मनोरमा को भी आरोपितों ने पीटकर घायल कर दिया। मामले में थाना बबुरी में मुकदमा संख्या 54/26 धारा 115(2), 351(2), 352, 190 व 109(1) बीएनएस के तहत केस दर्ज किया गया था।
Advertisement
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कार्रवाई करते हुए बबुरी पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कमती पुलिया के पास से आरोपी लालब्रत (58 वर्ष) और हरिश्चन्द्र उर्फ टुनटुन (25 वर्ष) निवासी ग्राम भैसही थाना बबुरी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों के पास से एक लाठी और एक लोहे की रॉड बरामद की है।
गिरफ्तारी टीम में प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार मिश्रा, उपनिरीक्षक गुलाम हुसैन, अशोक यादव, संजय सिंह, आरक्षी विकास सिंह और नीरज गौतम शामिल रहे।
