शहीद जवानों को श्रद्धांजलि, 154 पुलिसकर्मियों के बलिदान को नमन
चन्दौली। पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर बुधवार को पुलिस लाइन में पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के नेतृत्व में शहीद पुलिस जवानों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने कर्तव्य पालन के दौरान अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर जवानों को नमन करते हुए उनके अदम्य साहस, शौर्य और कर्तव्यनिष्ठा को याद किया।
chandauli

12:25 PM, Oct 21, 2026
शहीदों का बलिदान कर्तव्य के प्रति दृढ़ रहने की देता है प्रेरणा-एसपी ,
चन्दौली। पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर बुधवार को पुलिस लाइन में पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के नेतृत्व में शहीद पुलिस जवानों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने कर्तव्य पालन के दौरान अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर जवानों को नमन करते हुए उनके अदम्य साहस, शौर्य और कर्तव्यनिष्ठा को याद किया।
पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने अधीनस्थ अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि मातृभूमि की रक्षा और अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए प्राणों का उत्सर्ग करने वाले वीर जवानों का बलिदान सदैव पुलिस बल को कर्तव्य के प्रति दृढ़ रहने की प्रेरणा देता रहेगा। उन्होंने कहा कि शहीद जवानों का जीवन हमें सिखाता है कि कर्तव्य का पालन सर्वोपरि है। सभी पुलिसकर्मियों को उनके आदर्शों से प्रेरणा लेते हुए अपने दायित्वों का निर्वहन मन, वचन और कर्म से पूर्ण निष्ठा एवं ईमानदारी के साथ करना चाहिए।1 सितंबर 2025 से 31 अगस्त 2026 तक देशभर में 154 पुलिसकर्मियों ने कर्तव्य पालन के दौरान अपने प्राणों की आहुति दी। इनमें उत्तर प्रदेश के छह पुलिसकर्मी भी शामिल हैं। शहीद होने वाले प्रदेश के जवानों में उपनिरीक्षक मोहित कुमार यादव, उपनिरीक्षक सत्यभान सिंह, आरक्षी अशोक कुमार, आरक्षी प्रदीप कुमार, फायर सर्विस चालक तीर्थपाल सिंह और फायरमैन रोहित कुमार यादव के नाम शामिल हैं। इन वीर जवानों के बलिदान को याद करते हुए पुलिस विभाग ने उनके साहस और कर्तव्यनिष्ठा को नमन किया।
Advertisement
पुलिस स्मृति दिवस का ऐतिहासिक महत्व भी इस अवसर पर याद किया गया। 21 अक्टूबर 1959 को लद्दाख के हॉट स्प्रिंग्स क्षेत्र में लगभग 10 हजार फीट की ऊंचाई पर तैनात केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के जवानों ने चीनी सैनिकों के हमले का बहादुरी से मुकाबला किया था। इस मुठभेड़ में सीआरपीएफ के 10 जवानों ने सर्वोच्च बलिदान दिया था। उन्हीं वीर जवानों की स्मृति और देशभर में कर्तव्य के दौरान शहीद हुए पुलिसकर्मियों के सम्मान में प्रत्येक वर्ष 21 अक्टूबर को पुलिस स्मृति दिवस मनाया जाता है।
चन्दौली पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान शहीद जवानों के योगदान को याद करते हुए उनके प्रति सम्मान व्यक्त किया गया। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने संकल्प लिया कि वे अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ करेंगे तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सदैव तत्पर रहेंगे।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन सतीश चन्द्र शुक्ला, क्षेत्राधिकारी लाइन डॉ. चारू द्विवेदी, क्षेत्राधिकारी सदर नामेन्द्र कुमार, क्षेत्राधिकारी पीडीडीयू नगर अरुण कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी सकलडीहा कृष्ण मुरारी शर्मा, क्षेत्राधिकारी कार्यालय संजय राय, क्षेत्राधिकारी चकिया अजीत सिंह चौहान और प्रतिसार निरीक्षक वेदमणि मिश्र सहित जिले के समस्त थाना प्रभारी तथा पुलिस कार्यालय एवं पुलिस लाइन में तैनात अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने शहीद जवानों को श्रद्धासुमन अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
