देव दीपावली पर चंदौली में बदलेगा यातायात, कई मार्गों पर भारी वाहनों की नो-एंट्री
चंदौली। कार्तिक पूर्णिमा एवं देव दीपावली पर्व पर वाराणसी में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और वीवीआईपी एवं वीआईपी आगमन को देखते हुए चंदौली पुलिस ने यातायात व्यवस्था में बदलाव किया है। 24 नवंबर को देव दीपावली के अवसर पर जनपद के कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों के आवागमन को प्रतिबंधित करते हुए रूट डायवर्जन लागू किया जाएगा। पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से जारी प्रेस नोट के अनुसार, यह व्यवस्था शादी-
चंदौली

5:43 PM, Nov 23, 2026
24 नवंबर को दोपहर 12 बजे से मुगलसराय और पड़ाव मार्ग पर रहेगा प्रतिबंध, वाराणसी जाने के लिए एनएच-19 और रिंग रोड का करना होगा प्रयोग
चंदौली। कार्तिक पूर्णिमा एवं देव दीपावली पर्व पर वाराणसी में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और वीवीआईपी एवं वीआईपी आगमन को देखते हुए चंदौली पुलिस ने यातायात व्यवस्था में बदलाव किया है। 24 नवंबर को देव दीपावली के अवसर पर जनपद के कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों के आवागमन को प्रतिबंधित करते हुए रूट डायवर्जन लागू किया जाएगा। पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से जारी प्रेस नोट के अनुसार, यह व्यवस्था शादी-विवाह के सीजन को देखते हुए भी सुगम यातायात बनाए रखने के उद्देश्य से की गई है।
यातायात पुलिस के अनुसार, लंका मैदान वाराणसी से पीएसी तिराहा होते हुए पड़ाव की ओर भारी वाहनों का आवागमन 23 नवंबर की रात 11 बजे से 24 नवंबर की रात 11 बजे तक पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। वहीं कोयला मंडी से पड़ाव की तरफ भारी वाहनों का प्रवेश 24 नवंबर को सुबह तीन बजे के बाद बंद रहेगा।
रामनगर की ओर से देव दीपावली में आने वाले वाहन साहूपुरी तिराहा से पड़ाव की तरफ नहीं जा सकेंगे। इन वाहनों को साहूपुरी रोड पर निर्धारित पार्किंग स्थल में खड़ा करना होगा। इसके अलावा गंजी प्रसाद तिराहा और चकिया तिराहा से पिकअप, ट्रैक्टर सहित अन्य भारवाहक वाहनों का मुगलसराय की तरफ आवागमन दोपहर 12 बजे से प्रतिबंधित रहेगा।
Advertisement
पुलिस ने बिहार, चंदौली और अन्य जनपदों से मुगलसराय होकर वाराणसी जाने वाले वाहनों के लिए भी दोपहर 12 बजे से प्रतिबंध लागू किया है। ऐसे वाहन एनएच-19 और रिंग रोड का इस्तेमाल कर वाराणसी पहुंच सकेंगे। पड़ाव से राजघाट पुल की ओर भी दोपहर 12 बजे के बाद किसी प्रकार के वाहन नहीं जा सकेंगे।
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों और ट्रांसपोर्टरों से निर्धारित समय-सारिणी का पालन करने तथा वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील की है। देव दीपावली में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं से अपने वाहनों को सड़क किनारे खड़ा करने के बजाय निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही पार्क करने का अनुरोध किया गया है। पुलिस ने आमजन से यातायात कर्मियों के निर्देशों का पालन करने की अपील करते हुए कहा है कि यह व्यवस्था जनसुविधा और सुगम यातायात के लिए लागू की गई है।
