बोर्ड परीक्षाओं में टॉप-10 मेधावियों का हुआ सम्मान, 21 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान
उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित करने के उद्देश्य से आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का जनपद स्तर पर भव्य आयोजन कलेक्ट्रेट सभागार में किया गया। कार्यक्रम का लाइव प्रसारण देखा और सुना गया, जिसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के मेधावियों को संबोधित किया।
चंदौली

5:12 PM, Jun 1, 2026
चंदौली। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित करने के उद्देश्य से आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का जनपद स्तर पर भव्य आयोजन कलेक्ट्रेट सभागार में किया गया। कार्यक्रम का लाइव प्रसारण देखा और सुना गया, जिसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के मेधावियों को संबोधित किया।
जनपद स्तरीय सम्मान समारोह में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 में जिले के शीर्ष-10 स्थान प्राप्त करने वाले कुल 19 मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। सभी विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र के साथ 21-21 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि डीबीटी के माध्यम से प्रदान की गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ राज्यसभा सांसद साधना सिंह, विधायक रमेश जायसवाल, सुशील सिंह, कैलाश आचार्य, जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग, मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साई, जिला विद्यालय निरीक्षक देवेन्द्र कुमार सिंह तथा जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिन कुमार द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर किया गया।
मुख्यमंत्री के संबोधन के उपरांत जनपद के विभिन्न बोर्डों के मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रतीकात्मक चेक वितरित किए गए। इस अवसर पर अतिथियों का माल्यार्पण, बुके एवं स्मृति चिन्ह देकर स्वागत भी किया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए राज्यसभा सांसद साधना सिंह ने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी धरोहर हैं और शिक्षा ही सफलता का सबसे मजबूत माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने सपनों को साकार करने के लिए निरंतर प्रयास करने की प्रेरणा दी।
Advertisement
वहीं पीडीडीयू नगर विधायक रमेश जायसवाल ने कहा कि यह सम्मान समारोह केवल पुरस्कार वितरण नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य का उत्सव है। उन्होंने कहा कि कड़ी मेहनत, अनुशासन और लगन से ही सफलता प्राप्त होती है।
सैयदराजा विधायक सुशील सिंह ने मेधावी छात्रों की उपलब्धि को जनपद के लिए गौरवपूर्ण बताते हुए भविष्य में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन जारी रखने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों के अभिभावक, शिक्षक एवं शिक्षा विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। पूरे समारोह के दौरान उत्साह और गौरव का माहौल बना रहा।
