फर्जी रेलवे कर्मचारी बनकर बैंक से लिया 20 लाख का लोन, बिहार से वांछित आरोपी गिरफ्तार
चन्दौली। रेलवे कर्मचारी बनकर कूटरचित दस्तावेजों के सहारे भारतीय स्टेट बैंक से 20 लाख रुपये का पर्सनल लोन लेने के मामले में चन्दौली पुलिस ने एक वांछित आरोपी को बिहार से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने साइबर टीम और सर्विलांस टीम की मदद से आरोपी को 9 सितंबर को करीब 11:40 बजे हिरासत में लिया। आवश्यक कार्रवाई के बाद उसे न्यायालय के समक्ष पेश करने के लिए रवाना किया गया।
चंदौली

4:52 PM, Sep 9, 2026
चन्दौली। रेलवे कर्मचारी बनकर कूटरचित दस्तावेजों के सहारे भारतीय स्टेट बैंक से 20 लाख रुपये का पर्सनल लोन लेने के मामले में चन्दौली पुलिस ने एक वांछित आरोपी को बिहार से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने साइबर टीम और सर्विलांस टीम की मदद से आरोपी को 9 सितंबर को करीब 11:40 बजे हिरासत में लिया। आवश्यक कार्रवाई के बाद उसे न्यायालय के समक्ष पेश करने के लिए रवाना किया गया।
पुलिस के अनुसार, 14 अगस्त 2026 को भारतीय स्टेट बैंक की आईटीसी मॉल शाखा, चन्दौली के शाखा प्रबंधक ने तहरीर देकर आरोप लगाया था कि विजय कुमार राय ने खुद को रेलवे कर्मचारी बताते हुए फर्जी पे-स्लिप, रेलवे विभाग का प्रमाण पत्र और अन्य दस्तावेज बैंक में प्रस्तुत किए। इन्हीं कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर उसने 15 नवंबर 2022 को एक्स-प्रेस क्रेडिट योजना के तहत 20 लाख रुपये का पर्सनल लोन प्राप्त कर लिया।
लोन की किश्तें आरोपी के वेतन खाते से कटनी थीं, लेकिन किश्तें जमा नहीं हुईं। बैंक की जांच में सामने आया कि विजय कुमार राय रेलवे का कर्मचारी ही नहीं था और उसके द्वारा प्रस्तुत पे-स्लिप भी रेलवे विभाग की ओर से जारी नहीं की गई थी। इसके बाद बैंक की शिकायत पर चन्दौली कोतवाली में मु0अ0सं0 433/2026 के तहत बीएनएस की धाराओं 319(2), 318(4), 338, 336(3) और 340(2) में मुकदमा दर्ज किया गया था।
पूछताछ में फर्जीवाड़े की बात कबूली
Advertisement
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह कानपुर में रहकर प्राइवेट काम करता था। उसने रेलवे कर्मचारी बनकर फर्जी पे-स्लिप, रेलवे विभाग का प्रमाण पत्र और अन्य कागजात तैयार किए थे। इन्हीं दस्तावेजों के आधार पर उसने एसबीआई चन्दौली से 20 लाख रुपये का पर्सनल लोन लिया था।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान विजय कुमार राय पुत्र झूठी राय, उम्र करीब 42 वर्ष, निवासी ग्राम चुकती, थाना मान्सी, जिला खगड़िया, बिहार के रूप में हुई है। उसका वर्तमान पता बारो कादिर चक, वार्ड नंबर 23, थाना फुलवरिया, जिला बेगूसराय, बिहार बताया गया है।
कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक बिन्देश्वर प्रसाद पाण्डेय के नेतृत्व में चन्दौली पुलिस ने साइबर सेल और सर्विलांस टीम की सहायता से की। पुलिस टीम में निरीक्षक दुर्गेश यादव, निरीक्षक रामजीत यादव, आरक्षी उमंग राय, आरक्षी राजकुमार सरोज, साइबर सेल के उपनिरीक्षक मिर्जा रिजवान बेग, हेड कांस्टेबल संतोष सिंह और सर्विलांस सेल के आरक्षी मनीष कुमार शामिल रहे।
