कल दिया जाएगा अस्ताचलगामी भगवान भास्कर को अर्घ्य, घर से लेकर घाट तक छठ पर्व की धूम
। संतान की सुख-समृद्धि और परिवार की तरक्की की कामना के साथ लोक आस्था एवं सूर्योपासना के महापर्व छठ पर रविवार को व्रती महिलाएं अस्ताचलगामी भगवान भास्कर को पहला अर्घ्य देंगी। इसके लिए जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में स्थित सरोवरों, तालाबों और जलाशयों के किनारे बने छठ घाटों पर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। रविवार को घाटों पर आस्था का सैलाब उमड़ने की संभावना है।
चंदौली

5:21 PM, Nov 14, 2026
चंदौली। संतान की सुख-समृद्धि और परिवार की तरक्की की कामना के साथ लोक आस्था एवं सूर्योपासना के महापर्व छठ पर रविवार को व्रती महिलाएं अस्ताचलगामी भगवान भास्कर को पहला अर्घ्य देंगी। इसके लिए जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में स्थित सरोवरों, तालाबों और जलाशयों के किनारे बने छठ घाटों पर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। रविवार को घाटों पर आस्था का सैलाब उमड़ने की संभावना है।
छठ महापर्व को लेकर चहुंओर उत्साह, उमंग और उल्लास का माहौल है। जगह-जगह बज रहे छठ गीतों से वातावरण भक्तिमय बना हुआ है। घरों से लेकर घाटों तक और बाजारों से लेकर गांव की गलियों तक छठ पूजा की धूम मची हुई है। सभी वर्ग और उम्र के लोग छठ मइया की उपासना एवं आराधना में जुटे हुए हैं। पर्व को लेकर घरों और आसपास के स्थानों पर साफ-सफाई तथा पवित्रता का विशेष ध्यान रखा जा रहा है।
चार दिवसीय छठ महापर्व की शुरुआत शुक्रवार को कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की चतुर्थी तिथि पर नहाय-खाय के साथ हुई। इस दिन व्रतियों ने कद्दू-भात ग्रहण कर पर्व का संकल्प लिया। शनिवार को विधि-विधान से खरना पूजा करने के बाद व्रतियों का 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू हो गया। अब रविवार को संध्या अर्घ्य और सोमवार को उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ महापर्व का समापन होगा।
छठ पूजा की तैयारी और खरीदारी को लेकर आसपास के बाजारों में देर शाम तक भीड़ उमड़ती रही। लोगों ने बांस से बने सूप, डलिया, नारियल, केला, गन्ना, दूध, मिट्टी के बर्तन, पूजन सामग्री, नए वस्त्र, चूड़ी, सिंदूर, पान-पत्ता, हल्दी, अदरक, सिंघाड़ा, मूली, आंवला, शरीफा, अनानास, सेब और संतरा सहित अन्य फल एवं पूजन सामग्री की खरीदारी की। खरना के प्रसाद में इस्तेमाल होने वाले गन्ने के रस की दुकानों पर भी ग्राहकों की कतार लगी रही।
Advertisement
व्रतियों और उनके परिजनों ने अपनी सामर्थ्य के अनुसार खरीदारी कर सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। बाजारों में छठ पूजा की सामग्री खरीदते समय लोग मोलभाव करते भी नजर आए। हालांकि बाजारों में बढ़ी भीड़ के चलते बाइक, चार पहिया वाहन, ऑटो और टोटो की पार्किंग को लेकर लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ी।
रविवार 15 नवंबर को शाम लगभग 5:09 बजे व्रती महिलाएं विभिन्न घाटों, तालाबों और नदियों के किनारे अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगी। मुगलसराय के मानसरोवर और दामोदर दास तालाब सहित जनपद के विभिन्न छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की उम्मीद है। सोमवार की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के बाद व्रती महिलाएं 36 घंटे के निर्जला व्रत का पारण करेंगी।
