रक्षाबंधन पर तीन दिन मुफ्त बस यात्रा, 60 प्लस महिलाओं को आजीवन फ्री सफर
चंदौली। रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर बुधवार को आईटीआई रेवसा सभागार में भव्य स्वागत समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के लखनऊ स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान से आयोजित कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया। मुख्यमंत्री ने प्रदेश की महिलाओं को रक्षाबंधन के अवसर पर 27 से 29 अगस्त तक उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की बसों में निशुल्क यात्रा की सौगात दी। वहीं, 60 वर्ष से अधि
चंदौली

5:36 PM, Aug 26, 2026
चंदौली। रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर बुधवार को आईटीआई रेवसा सभागार में भव्य स्वागत समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के लखनऊ स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान से आयोजित कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया। मुख्यमंत्री ने प्रदेश की महिलाओं को रक्षाबंधन के अवसर पर 27 से 29 अगस्त तक उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की बसों में निशुल्क यात्रा की सौगात दी। वहीं, 60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं को पहचान पत्र के आधार पर प्रदेश में आजीवन मुफ्त बस यात्रा की सुविधा देने की घोषणा की।
सभागार में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता आयुष, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. दयाशंकर मिश्र 'दयाल' ने की। कार्यक्रम में 800 से अधिक महिलाओं ने भाग लिया।
मुख्यमंत्री ने लाइव प्रसारण के दौरान कहा कि 27, 28 और 29 अगस्त को प्रदेश की बेटियां, माताएं और बहनें अपने सहयात्री के साथ परिवहन निगम की बसों और सिटी बसों में निशुल्क यात्रा कर सकेंगी। इसके बाद 60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाएं पहचान पत्र दिखाकर उत्तर प्रदेश के भीतर आजीवन निशुल्क बस यात्रा कर सकेंगी।
राज्यमंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र 'दयाल' ने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के प्रेम का पर्व ही नहीं, बल्कि मातृशक्ति के सम्मान, सुरक्षा और स्वावलंबन का भी संकल्प है। प्रदेश सरकार महिलाओं के हित में लगातार योजनाएं संचालित कर रही है। 'लोकमाता अहिल्याबाई मातृ शक्ति निशुल्क बस यात्रा योजना' के माध्यम से महिलाओं को तीन दिन निशुल्क यात्रा की सुविधा और 60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं को आजीवन मुफ्त बस यात्रा का अधिकार दिया गया है।
बेटियों के लिए योजनाओं की जानकारी दी
Advertisement
पीडीडीयू नगर विधायक रमेश जायसवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना के माध्यम से बेटी के जन्म से लेकर स्नातक तक की पढ़ाई के लिए सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना से गरीब परिवारों की बेटियों की शादी में मदद मिल रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना और मुख्यमंत्री सुपोषण योजना के माध्यम से माताओं और बच्चों के पोषण पर भी ध्यान दिया जा रहा है।
उन्होंने उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना और स्वच्छ भारत मिशन के तहत शौचालय निर्माण जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार ने महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और बेहतर जीवन के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। मिशन शक्ति के माध्यम से महिलाओं और बेटियों को सुरक्षा एवं स्वावलंबन के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
महिलाओं को अंगवस्त्र और मिठाई भेंट की
कार्यक्रम के दौरान राज्यमंत्री, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने उपस्थित महिलाओं से संवाद किया। जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग और मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साई ने महिलाओं को अंगवस्त्र और मिठाई भेंट कर उनका कुशलक्षेम जाना।
इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष काशीनाथ सिंह, जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि और आयुष मंत्री के जनसंपर्क अधिकारी गौरव राठी सहित अन्य लोग मौजूद रहे। सभागार में मौजूद महिलाओं ने सरकार की ओर से दी गई निशुल्क यात्रा की सुविधा की सराहना की और रक्षाबंधन पर इसे बड़ी सौगात बताया।
