करईल क्षेत्र के आधा दर्जन गांव बाढ़ की चपेट में हजारों बीघे धान की फसल डूबी, किसान परेशान
शहाबगंज,चंदौली। क्षेत्र में लगातार बारिश के बाद जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से खिलची, घोड़सारी, बरियारपुर, इमिलिया, हड़ौरा, पस्थुआं, जिगिना, कवलपुरवां और रजडीहां समेत कई गांवों में बाढ़ जैसे हालात उत्पन्न हो गए हैं। खेतों में पानी भरने से हजारों बीघे धान की फसल डूब गई है। फसल बर्बाद होने की आशंका से किसान चिंतित हैं।
शहाबगंज, चंदौली

4:12 PM, Aug 20, 2026
विनोद कुमार
जनपद न्यूज़ टाइम्सशहाबगंज,चंदौली। क्षेत्र में लगातार बारिश के बाद जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से खिलची, घोड़सारी, बरियारपुर, इमिलिया, हड़ौरा, पस्थुआं, जिगिना, कवलपुरवां और रजडीहां समेत कई गांवों में बाढ़ जैसे हालात उत्पन्न हो गए हैं। खेतों में पानी भरने से हजारों बीघे धान की फसल डूब गई है। फसल बर्बाद होने की आशंका से किसान चिंतित हैं।
बाढ़ की स्थिति का जायजा लेने पहुंचे किसान विकास मंच के संगठन मंत्री राम अवध सिंह ने हालात से बंधी डिवीजन के अवर अभियंता को अवगत कराया। उन्होंने बताया कि बंधी डिवीजन की ओर से इस वर्ष खिलची ड्रेन की सफाई कराई गई थी, लेकिन ड्रेन के निचले हिस्से में करीब ढाई किलोमीटर तक सफाई नहीं होने से समस्या गंभीर बनी हुई है। उक्त हिस्से में झाड़-झंखाड़ और मिट्टी जमा होने से पानी का बहाव बाधित है। साथ ही ड्रेन के दोनों तटबंध पर्याप्त ऊंचे नहीं होने के कारण पानी खेतों में फैल गया और बड़ी मात्रा में धान की फसल जलमग्न हो गई।
किसान विकास मंच के प्रवक्ता जयनाथ सिंह ने घोड़सारी, इमिलिया, पहाड़पुर, मसोई और केरायगांव का दौरा कर बाढ़ की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान बंधी डिवीजन के कर्मचारियों और ग्रामीणों के सहयोग से केरायगांव रेगुलेटर का जाम गेट खुलवाया गया, जिससे जलनिकासी में कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।
Advertisement
किसान विकास मंच ने बंधी डिवीजन के अधिकारियों के साथ संबंधित ग्राम प्रधानों, क्षेत्र पंचायत और जिला पंचायत प्रतिनिधियों से बाढ़ की समस्या के स्थायी समाधान के लिए सामूहिक प्रयास करने की अपील की। मंच का कहना है कि समय रहते ड्रेन की पूरी सफाई और तटबंधों को ऊंचा कराया जाए तो भविष्य में किसानों को भारी नुकसान से बचाया जा सकता है।
इस दौरान जयनाथ सिंह, राम अवध सिंह, पारसनाथ, नीरज कुमार, संजय सिंह समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
