प्रधान का शव पहुंचते ही मजीदहा में मचा कोहराम
चहनियां। बलुआ थाना क्षेत्र के मजीदहा गांव के ग्राम प्रधान राकेश यादव का शव सोमवार को एंबुलेंस से गांव स्थित उनके घर पहुंचते ही कोहराम मच गया। शव उतरते ही परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया। अपने प्रधान के अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, ग्रामीण और शुभचिंतक उनके घर पहुंच गए। शव देखते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। उनकी आंखों से आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे थे।
चहनिया, चंदौली

मजीदहा में शव पहुंचने के बाद रोते-बिलखते परिजन।
6:58 PM, Aug 10, 2026
सुधींद्र पाण्डेय
जनपद न्यूज़ टाइम्स
चहनियां। बलुआ थाना क्षेत्र के मजीदहा गांव के ग्राम प्रधान राकेश यादव का शव सोमवार को एंबुलेंस से गांव स्थित उनके घर पहुंचते ही कोहराम मच गया। शव उतरते ही परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया। अपने प्रधान के अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, ग्रामीण और शुभचिंतक उनके घर पहुंच गए। शव देखते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। उनकी आंखों से आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे थे।
जानकारी के अनुसार ग्राम प्रधान राकेश यादव 22 जुलाई को वैष्णो देवी दर्शन के लिए जम्मू गए थे। दर्शन के बाद किसी आवश्यक कार्य के चलते वह जम्मू में ही रुक गए थे। उनका 13 अगस्त को वापस लौटने का टिकट था। इसी दौरान वह किराये की स्कूटी से बाजार जा रहे थे। रास्ते में अज्ञात वाहन ने पीछे से उनकी स्कूटी में टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल होने के बाद उनकी मौत हो गई।
Advertisement
शनिवार को परिजनों को हादसे की सूचना मिली तो घर में कोहराम मच गया। सोमवार को शव गांव पहुंचने की जानकारी होते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण प्रधान के घर पहुंच गए। अंतिम दर्शन के लिए लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। हर कोई परिवार को ढांढस बंधाता नजर आया।
ग्राम प्रधान राकेश यादव अपने पीछे 12 वर्षीय पुत्री गुड़िया यादव और 10 वर्षीय पुत्र मंगल यादव को छोड़ गए हैं। वह तीन भाइयों में सबसे बड़े थे। उनके निधन से मजीदहा गांव सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। पिता मनबोध यादव, माता रामरती देवी, पत्नी शिखा यादव, भाई अरबिंद और मनोज सहित अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। देर तक उनके अंतिम दर्शन के लिए लोगों का तांता लगा रहा।
