तीन दिन में चार गांवों में चोरी की वारदातें, ग्रामीणों में दहशत; पुलिस गश्त पर उठे सवाल
शहाबगंज क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। बीते तीन दिनों के भीतर चार अलग-अलग स्थानों पर चोरी की वारदातों ने पुलिस की रात्रि गश्त व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि लगातार हो रही घटनाओं के बावजूद चोर बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं।
शहाबगंज, चंदौली

2:22 PM, Jul 4, 2026
विनोद कुमार
जनपद न्यूज़ टाइम्सशहाबगंज (चंदौली)। शहाबगंज क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। बीते तीन दिनों के भीतर चार अलग-अलग स्थानों पर चोरी की वारदातों ने पुलिस की रात्रि गश्त व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि लगातार हो रही घटनाओं के बावजूद चोर बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, उदयपुरा गांव स्थित काली माता मंदिर से अज्ञात चोर मंदिर का घंटा चोरी कर ले गए। इसके बाद ब्लॉक मुख्यालय परिसर से खड़ी एक मोटरसाइकिल भी चोरी हो गई। वहीं सेमरा गांव स्थित काली एवं शिव मंदिर को भी चोरों ने निशाना बनाया, जहां से घंटा, भगवान गणेश की चांदी की प्रतिमा तथा अन्य पूजन सामग्री चोरी कर ली गई।
इसी क्रम में कटवामाफी गांव निवासी रामप्यारे के घर में देर रात चोर घुस गए। चोर घर में रखी नकदी और सोने-चांदी के आभूषण लेकर फरार हो गए। सुबह घटना की जानकारी होने पर परिवार के लोगों में हड़कंप मच गया। पीड़ित ने मामले की सूचना पुलिस को दे दी है।
Advertisement
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से क्षेत्र के लोगों में भय और आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस की रात्रि गश्त प्रभावी नहीं होने के कारण चोरों के हौसले बुलंद हैं। लोगों ने रात्रि गश्त बढ़ाने, चोरी की घटनाओं का शीघ्र खुलासा करने तथा आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
पुलिस का पक्ष
पुलिस का कहना है कि सभी घटनाओं की जानकारी प्राप्त हो गई है। शिकायतों के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है और संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही घटनाओं का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
