बातों में फंसाकर 7.50 लाख के सोने के लॉकेट पर चोर ने हाथ किया साफ
इलिया कस्बा के विशाल अलंकार ज्वेलर्स में शुक्रवार दोपहर जंतर खरीदने के बहाने आए एक युवक ने दुकानदार को बातों में उलझाकर करीब 7.50 लाख रुपये मूल्य के सोने के लॉकेट का पैकेट चोरी कर लिया। घटना की जानकारी होने पर व्यापारियों में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
शहाबगंज, चंदौली

5:06 PM, Jul 31, 2026
विनोद कुमार
जनपद न्यूज़ टाइम्सइलिया। इलिया कस्बा के विशाल अलंकार ज्वेलर्स में शुक्रवार दोपहर जंतर खरीदने के बहाने आए एक युवक ने दुकानदार को बातों में उलझाकर करीब 7.50 लाख रुपये मूल्य के सोने के लॉकेट का पैकेट चोरी कर लिया। घटना की जानकारी होने पर व्यापारियों में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार दुकान संचालक आलोक कुमार वर्मा किसी निजी कार्य से वाराणसी गए थे। उनकी अनुपस्थिति में दुकान पर उनके पुत्र विशाल वर्मा बैठे थे। दोपहर करीब साढे 12 बजे एक युवक ग्राहक बनकर दुकान पर पहुंचा और जंतर व सोने के लॉकेट दिखाने को कहा। विशाल वर्मा तिजोरी से अलग-अलग डिजाइन के लॉकेट निकालकर दिखाने लगे। इसी दौरान युवक ने उन्हें बातचीत में उलझा दिया और मौका पाकर करीब 7.50 लाख रुपये मूल्य के सोने के लॉकेट का एक पैकेट लेकर चुपचाप निकल गया।
Advertisement
कुछ देर बाद सामान का मिलान करने पर लॉकेट का पैकेट गायब मिला। काफी खोजबीन के बाद भी जब उसका पता नहीं चला तो इसकी सूचना इलिया थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दुकान के साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी। फुटेज में एक संदिग्ध युवक की गतिविधियां कैद होने की बात सामने आई है। पीड़ित आलोक कुमार वर्मा की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ चोरी का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थानाध्यक्ष चंदन राय ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान का प्रयास किया जा रहा है। आसपास के बाजार और संभावित मार्गों पर लगे कैमरों की रिकॉर्डिंग भी देखी जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी गए आभूषण बरामद करने का प्रयास किया जाएगा।
