उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही चार दिवसीय डाला छठ सम्पन्न
शहाबगंज (चंदौली)। लोक आस्था और सूर्य उपासना का चार दिवसीय महापर्व डाला छठ सोमवार को उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही श्रद्धा एवं भक्तिभाव के बीच सम्पन्न हो गया। सुबह भोर से ही क्षेत्र के विभिन्न पोखरों, तालाबों और जलाशयों के घाटों पर व्रती महिलाओं एवं श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी। व्रती महिलाओं ने पानी में खड़े होकर भगवान भास्कर को दूध और जल से अर्घ्य अर्पित किया तथा परिवार की सुख-समृद्धि, संत
शहाबगंज, चंदौली

7:45 AM, Nov 16, 2026
विनोद कुमार
जनपद न्यूज़ टाइम्स
छठ गीतों से वातावरण रहा भक्तिमय, व्रती महिलाओं ने परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की
शहाबगंज (चंदौली)। लोक आस्था और सूर्य उपासना का चार दिवसीय महापर्व डाला छठ सोमवार को उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही श्रद्धा एवं भक्तिभाव के बीच सम्पन्न हो गया। सुबह भोर से ही क्षेत्र के विभिन्न पोखरों, तालाबों और जलाशयों के घाटों पर व्रती महिलाओं एवं श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी। व्रती महिलाओं ने पानी में खड़े होकर भगवान भास्कर को दूध और जल से अर्घ्य अर्पित किया तथा परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की दीर्घायु और खुशहाली की कामना की।
महारथपुर पोखरे पर भी छठ महापर्व को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। घाट पर आकर्षक ढंग से पूजा की तैयारियां की गई थीं। व्रती महिलाओं ने सूप और दउरा में फल, ठेकुआ, नारियल, गन्ना सहित विभिन्न पूजन सामग्रियों को सजाकर भगवान सूर्य को अर्पित किया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने पूरे विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।
Advertisement
चार दिनों तक चलने वाले इस कठिन व्रत के दौरान क्षेत्र में छठ गीतों की गूंज बनी रही। घरों से लेकर घाटों तक पारंपरिक छठ गीतों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। महिलाओं के सामूहिक गीतों और भगवान सूर्य एवं छठी मइया के जयकारों से घाटों पर आस्था का अद्भुत दृश्य देखने को मिला।
इस अवसर पर बीडीओ दिनेश सिंह एवं मनीष मिश्रा ने भी महारथपुर पोखरे पर पहुंचकर व्रती महिलाओं के पूजन में सहभागिता की और उगते सूर्य को अर्घ्य दिया।
सूर्य को अर्घ्य देने के बाद व्रती महिलाओं ने पारंपरिक रीति-रिवाज के अनुसार व्रत का पारण किया। पंचायत विभाग ने जहां सफाई का दारोमदार सम्भाला जबकि पुलिस भी क्षेत्र में भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त किया।
