जनपद में आन ,बान,शान से फहराया गया झंडा
चंदौली। जनपद में 77 वां गणतंत्र दिवस पूरे हर्षोल्लास और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। सरकारी,गैर सरकारी,सामाजिक और राजनीतिक संगठनों ने कार्यालयों पर आन, बान व शान के साथ झंडा फहराया गया। इस दौरान देश भक्ति गीतों और नारों से परिसर गूंज उठे। विद्यालयों में कार्यक्रम आयोजित किए गए।
चंदौली

6:29 AM, Jan 27, 2026
चंदौली। जनपद में 77 वां गणतंत्र दिवस पूरे हर्षोल्लास और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। सरकारी, गैर सरकारी, सामाजिक और राजनीतिक संगठनों ने कार्यालयों पर आन, बान व शान के साथ झंडा फहराया गया। इस दौरान देश भक्ति गीतों और नारों से परिसर गूंज उठे। विद्यालयों में कार्यक्रम आयोजित किए गए।
जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने कलेक्ट्रेट परिसर में झंडा फहराया और जनपदवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। सरकारी दफ्तरों से लेकर स्कूलों तक, हर तरफ तिरंगा शान से लहराता नजर आया और राष्ट्रगान की गूंज सुनाई दी।
झंडा फहराने के बाद जिलाधिकारी ने उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों को संविधान की प्रस्तावना पढ़कर शपथ दिलाई। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित मुख्य कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने परिजनों को माला पहनाकर, शाल ओढ़ाकर और मिठाई भेंट कर सम्मानित किया। जिलाधिकारी ने उनका कुशल-क्षेम जाना और प्रशासन की ओर से हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।
शहीदों के बलिदान और कर्तव्यों का बोध
संबोधन के दौरान जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने कहा कि 26 जनवरी का दिन भारतीय इतिहास का सबसे गौरवशाली दिन है। उन्होंने जोर दिया कि हमारा संविधान हमें समानता, न्याय और बंधुत्व का संदेश देता है।
कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) राजेश कुमार ने भी अधिकारियों को संबोधित किया। उन्होंने स्पष्ट संदेश दिया कि सरकारी दफ्तरों में आने वाले फरियादियों की समस्याओं को संवेदनशीलता के साथ सुना जाए। जनसमस्याओं का समयबद्ध और त्वरित निस्तारण करना ही हर अधिकारी और कर्मचारी का परम कर्तव्य है।
परेड और गरिमामयी उपस्थिति
कलेक्ट्रेट के अलावा महेंद्र टेक्निकल इंटर कॉलेज के मैदान में भी भव्य कार्यक्रम आयोजित हुआ, जहां जिलाधिकारी ने परेड की सलामी ली। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) रतन वर्मा, डिप्टी कलेक्टर पवन यादव सहित भारी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी और नागरिक उपस्थित रहे।
