बेटी को लिखा जमीन तो बौखलाए बेटे ने मां, बाप और बहन को कुल्हाड़ी से काट डाला
पुलिस उसकी तलाश करने के साथ ही घटना की तफ्तीश कर रही है।पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में ले लिया। हत्या का कारण जमीन का विवाद बताया गया है। पुलिस कई बिन्दुओं पर पड़ताल कर रही है।
गाजीपुर

4:15 PM, July 27, 2025
जे एन टी डेस्क
Advertisement
गाजीपुर शहर कोतवाली क्षेत्र के डिलिया गांव में 35 वर्षीय एक युवक ने अपनी मां-बहन और पिता को दौड़ा-दौड़ा कर कुल्हाड़ी से काट डाला। पड़ोसियों की सूचना पाकर मौके पर पुलिस भी पहुंच गई। वहीं, आरोपी युवक भाग गया। पुलिस उसकी तलाश करने के साथ ही घटना की तफ्तीश कर रही है।पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में ले लिया। हत्या का कारण जमीन का विवाद बताया गया है। पुलिस कई बिन्दुओं पर पड़ताल कर रही है। पड़ोसियों ने बताया कि चीख-पुकार सुनकर हम लोग पहुंचे थे। हमें देखकर आरोपी बेटा भाग गया। मरने वालों में शिवराम यादव (70), उनकी पत्नी जमुनी देवी (65) और बेटी कुसुम (35) है। आरोपी का नाम अभय है।ट्रिपल मर्डर की सूचना पाकर घटनास्थल पर एसपी डॉक्टर ईरज राजा, एएसपी सिटी ज्ञानेंद्र नाथ प्रसाद और सीओ सिटी शेखर सिंगर सहित पुलिस बल पहुंच गई। मौके से एक कुल्हाड़ी भी बरामद की गई है। बताया जा रहा है कि एक महीने पहले पिता ने अपनी बेटी कुसुम को 15 बिस्वा जमीन लिख दी थी। इसी को लेकर घर में आए दिन विवाद हो रहा था। शिवराम के पास कुल तीन बीघा जमीन है।पड़ोसियों ने बताया कि 15 साल पहले कुसुम की शादी हुई थी लेकिन पति ने छोड़ दिया। तभी से वह मायके में अपने माता-पिता के साथ रह रही थी। इस बीच, आठ वर्ष पहले उसकी दूसरी शादी कर दी गई थी। इसके बाद भी वह अपने मायके में दोबारा आकर रहने लगी। भाई को यह नापसंद था। यह नाराजगी तब और बढ़ गई जब शिवराम ने कुसुम को जमीन का एक हिस्सा दे दिया। अभय अपने पिता के इस फैसले से बौखलाया हुआ था। रविवार की सुबह इसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। तभी अभय ने मां जमुनी, पिता शिवराम और बहन कुसुम को कुल्हाड़ी से दौड़ा-दौड़ा कर लहुलूहान कर दिया। पड़ोसी जब पहुंचे तो आरोपी मौके से भाग गया। तब तक गंभीर रूप से घायल तीनों लोगों की मौत हो चुकी थी।