50 हजार के इनामी बदमाश को मुठभेड़ के बाद पुलिस ने दबोचा
सैयदराजा थाना क्षेत्र में हत्या सहित डकैती के मामले में वांछित चल रहे 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश राजू मुसहर को बुधवार को स्वाट, सर्विलांस और सैयदराजा पुलिस की संयुक्त टीम ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लगी। उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। उसके कब्जे से .315 बोर का तमंचा, खोखा व मिसफायर कारतूस तथा एक मोटरसाइकिल बरामद हुई है।
सैयदराजा, चंदौली

9:50 PM, Aug 12, 2026
स्वाट/सर्विलांस व थाना सैयदराजा पुलिस टीम की संयुक्त कार्यवाही में सैयदराजा थाने का वांछित 50 हजार का इनामी अपराधी मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया।
चंदौली। सैयदराजा थाना क्षेत्र में हत्या सहित डकैती के मामले में वांछित चल रहे 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश राजू मुसहर को बुधवार को स्वाट, सर्विलांस और सैयदराजा पुलिस की संयुक्त टीम ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लगी। उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। उसके कब्जे से .315 बोर का तमंचा, खोखा व मिसफायर कारतूस तथा एक मोटरसाइकिल बरामद हुई है।
पुलिस के अनुसार, 15 दिसंबर 2025 को सैयदराजा थाना क्षेत्र के तिनधुआं गांव में हत्या सहित डकैती की घटना हुई थी। मामले में कुल सात अभियुक्तों के नाम सामने आए थे। इनमें पांच अभियुक्तों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि दो वांछित चल रहे थे। इनमें बिहार के कैमूर (भभुआ) जिले के नुआंव थाना क्षेत्र के सतोपती गांव निवासी राजू मुसहर भी शामिल था। उसकी गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
बुधवार को सैयदराजा थाना पुलिस संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की जांच कर रही थी। इसी दौरान सर्विलांस टीम को सूचना मिली कि राजू मुसहर दोबारा चंदौली में आया है और किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में है। सूचना के आधार पर सैयदराजा पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम ने समइया पट्टीदारी के पास ग्राम पट्टीदारी-सवैया महलवार की ओर चेकिंग शुरू कर दी।
पुलिस का कहना है कि इसी दौरान संदिग्ध व्यक्ति बाइक से आता दिखाई दिया। पुलिस टीम ने उसे रोकने का प्रयास किया तो उसने खुद को घिरा देख पुलिसकर्मियों पर फायर कर दिया। पुलिस ने आत्मरक्षार्थ नियंत्रित जवाबी कार्रवाई की, जिसमें उसके पैर में गोली लगी। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम राजू मुसहर पुत्र लक्ष्मण मुसहर निवासी सतोपती, थाना नुआंव, जनपद कैमूर (बिहार) बताया।
Advertisement
पुलिस ने मौके से एक .315 बोर का तमंचा, एक खोखा कारतूस और तमंचे से मिसफायर हुआ एक कारतूस बरामद किया। साथ ही एक मोटरसाइकिल भी मिली है। मोटरसाइकिल चोरी की है अथवा अभियुक्त की अपनी, इसकी जांच की जा रही है।
कई मुकदमों में दर्ज है नाम
पुलिस के मुताबिक राजू मुसहर के खिलाफ सैयदराजा, कन्दवा, पड़री, लालपुर/पाण्डेयपुर और बबुरी थानों में चोरी, चोरी का माल बरामद होने, माल की खरीद-फरोख्त, धोखाधड़ी और गैंगस्टर एक्ट समेत कई मुकदमे दर्ज हैं। उसके अन्य आपराधिक इतिहास की जानकारी भी जुटाई जा रही है।
सैयदराजा पुलिस ने मामले में आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। मुठभेड़ स्थल को सुरक्षित कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में सैयदराजा थानाध्यक्ष अशोक मिश्रा, हेड कांस्टेबल विरेश कुमार, कांस्टेबल बृजेश कुमार और शंकर राम के अलावा स्वाट/सर्विलांस टीम के उपनिरीक्षक आशीष मिश्रा, उपनिरीक्षक अतुल प्रजापति, हेड कांस्टेबल अरविंद भारद्वाज, राणा प्रताप सिंह, रामानंद यादव, सतीश पटेल, आशुतोष सिंह, प्रेम प्रकाश यादव तथा कांस्टेबल नीरज कुमार मिश्रा, अजीत कुमार सिंह, अमित सिंह, महेश यादव और मनोज यादव शामिल रहे।
