मुख्यमंत्री ने मां विंध्यवासिनी के दर्शन कर प्रदेशवासियों के कल्याण की कामना की, 15 जुलाई तक सड़क परियोजनाओं की स्वीकृति के निर्देश
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को विंध्याचल पहुंचकर मां विंध्यवासिनी देवी के दर्शन-पूजन किए और प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि एवं कल्याण की कामना की। इसके बाद उन्होंने विंध्य कॉरिडोर का निरीक्षण किया, श्रद्धालुओं से संवाद किया और बच्चों को चॉकलेट वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया।
मिर्जापुर

6:35 AM, Jul 11, 2026
हनीफ खान
जनपद न्यूज़ टाइम्समीरजापुर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को विंध्याचल पहुंचकर मां विंध्यवासिनी देवी के दर्शन-पूजन किए और प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि एवं कल्याण की कामना की। इसके बाद उन्होंने विंध्य कॉरिडोर का निरीक्षण किया, श्रद्धालुओं से संवाद किया और बच्चों को चॉकलेट वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया।
मुख्यमंत्री ने विंध्य पौध प्रसादम् स्टॉल पर श्रद्धालुओं को पौधे वितरित किए तथा राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) की महिलाओं द्वारा तैयार किए गए 'विंध्य ब्रांड' के उत्पादों का अवलोकन कर उनकी जानकारी ली।
15 जुलाई तक परियोजनाओं की स्वीकृति, 15 अगस्त तक धनराशि जारी होगी
अष्टभुजा निरीक्षण गृह में आयोजित समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने मीरजापुर, सोनभद्र और भदोही मंडल की लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की परियोजनाओं एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा प्रस्तावित नई सड़क और पुल योजनाओं की समीक्षा की।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी प्रस्तावों का विस्तृत प्राक्कलन (एस्टीमेट) तत्काल शासन को भेजा जाए, ताकि 15 जुलाई 2026 तक स्वीकृति प्रदान कर 15 अगस्त 2026 तक निर्माण कार्यों के लिए धनराशि जारी की जा सके।
मुख्यमंत्री ने विधायकों से सांसदों के साथ समन्वय स्थापित कर सड़क एवं पुल निर्माण संबंधी प्रस्ताव शीघ्र उपलब्ध कराने को भी कहा।
मीरजापुर और विंध्य नगरी की सड़कें हों स्वच्छ और सुंदर
योगी आदित्यनाथ ने निर्देश दिया कि मीरजापुर नगर, विंध्यवासिनी मंदिर, अष्टभुजा और काली खोह मंदिर को जोड़ने वाले सभी मार्गों को स्मार्ट रोड की तर्ज पर विकसित किया जाए। उन्होंने कहा कि सड़कें स्वच्छ, सुंदर और प्रकाश व्यवस्था से युक्त हों, जिससे श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलें और पर्यटन को बढ़ावा मिले।
रेलवे अंडरपास में जलभराव की समस्या पर भी मुख्यमंत्री ने गंभीरता दिखाई और अधिकारियों को तत्काल समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्थायी समाधान के लिए रेलवे मंत्रालय से समन्वय स्थापित किया जाएगा।
