बलुआ में चोरों का आतंक, दो स्थानों से लाखों के सामान की चोरी
चहनिया (चंदौली)। बलुआ थाना क्षेत्र में चोरी की लगातार हो रही घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। बेखौफ चोर एक के बाद एक वारदातों को अंजाम दे रहे हैं, लेकिन ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस अब तक चोरी की बड़ी घटनाओं का खुलासा करने में नाकाम रही है। इससे पुलिस की कार्यशैली और रात्रि गश्त पर सवाल खड़े होने लगे हैं। बुधवार की देर रात चोरों ने सेमरा गांव में किसान सुरेश यादव के घर को निशाना बनाकर नक
चहनियां, चंदौली

1:04 PM, Nov 12, 2026
सुधींद्र पांडेय
जनपद न्यूज़ टाइम्स
सेमरा में किसान के घर से नकदी व सोने-चांदी के आभूषण पार, मजीदहा प्राथमिक विद्यालय को भी बनाया निशाना
पुलिस की रात्रि गश्त और कार्यशैली पर उठे सवाल, ग्रामीणों ने एसपी से लगाई न्याय की गुहार
चहनिया (चंदौली)। बलुआ थाना क्षेत्र में चोरी की लगातार हो रही घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। बेखौफ चोर एक के बाद एक वारदातों को अंजाम दे रहे हैं, लेकिन ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस अब तक चोरी की बड़ी घटनाओं का खुलासा करने में नाकाम रही है। इससे पुलिस की कार्यशैली और रात्रि गश्त पर सवाल खड़े होने लगे हैं। बुधवार की देर रात चोरों ने सेमरा गांव में किसान सुरेश यादव के घर को निशाना बनाकर नकदी और लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। वहीं, मजीदहा स्थित प्राथमिक विद्यालय में भी चोरी की घटना को अंजाम दिया।
सेमरा गांव निवासी सुरेश यादव खेती-बाड़ी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। बुधवार की रात करीब दो बजे चोर घर के पीछे से छत पर चढ़े और सीढ़ी के रास्ते घर में दाखिल हो गए। इसके बाद घर में रखे बड़े बक्सों और बैगों को खंगालकर उनकी पत्नी, बहन और बेटियों के कीमती आभूषण तथा नकदी लेकर फरार हो गए।
Advertisement
पीड़ित के मुताबिक, गुरुवार की सुबह करीब चार बजे नींद खुलने पर घर का बाहरी दरवाजा खुला मिला। अंदर जाकर देखा तो बक्सों के ताले टूटे थे और सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर दो छोटे बक्से और एक बड़ा बैग गायब मिला। चोर भैंस बिक्री के रखे 12 हजार रुपये नकद के अलावा सोने के झुमके, लॉकेट, मंगलसूत्र, मंटिका, अंगूठियां, सिकड़ी तथा चांदी की पायल, करधनी और पैजनी सहित अन्य आभूषण उठा ले गए। चोर कपड़े और घरेलू सामान भी अपने साथ ले गए।
घटना की सूचना पीड़ित ने डायल 112 पर दी। मौके पर पहुंची बलुआ पुलिस और हल्का प्रभारी ने जांच-पड़ताल की। ग्रामीणों के अनुसार, घर से करीब एक किलोमीटर दूर बाजरे के खेत में चोरी के दो बक्से मिले, जबकि धान के खेत में दो बैग, कपड़े और अन्य सामान बिखरा पड़ा था। पीड़ित ने बरामद सामान की पहचान अपने घर का बताया है।
उधर, चोरों ने मजीदहा स्थित प्राथमिक विद्यालय को भी निशाना बनाया। यहां से करीब 50 मीटर बिजली का तार और बच्चों के पानी पीने की टोटी चोरी कर ली गई। बताया जाता है कि कुछ माह पहले भी इसी विद्यालय की खिड़की तोड़कर पंखा चोरी कर लिया गया था। उस घटना के संबंध में इंचार्ज प्रधानाध्यापक ने तहरीर दी थी, लेकिन ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस ने मामले में कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की।
क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में भय और आक्रोश है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते चोरों पर अंकुश नहीं लगाया गया तो भविष्य में कोई बड़ी वारदात हो सकती है। ग्रामीणों ने पुलिस अधीक्षक से मामले का संज्ञान लेकर चोरी की घटनाओं का शीघ्र खुलासा करने, आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की है।
