धानापुर में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों को मिला प्रशस्ति-पत्र
धानापुर। बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से बृहस्पतिवार को ब्लॉक संसाधन केंद्र धानापुर में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों के सम्मान में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें विकासखंड क्षेत्र के विभिन्न परिषदीय विद्यालयों में बेहतर कार्य करने वाले करीब 50 शिक्षकों को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिन कुमार ने प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। शिक्षकों को सम्मान मिलने पर विद्यालय परिवारों और क्षेत्र के लोग
धानापुर, चंदौली

5:38 PM, Sep 10, 2026
निपुण भारत मिशन और नामांकन अभियान में बेहतर योगदान पर बीएसए ने किया सम्मानित
धानापुर। बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से बृहस्पतिवार को ब्लॉक संसाधन केंद्र धानापुर में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों के सम्मान में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें विकासखंड क्षेत्र के विभिन्न परिषदीय विद्यालयों में बेहतर कार्य करने वाले करीब 50 शिक्षकों को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिन कुमार ने प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। शिक्षकों को सम्मान मिलने पर विद्यालय परिवारों और क्षेत्र के लोगों में खुशी का माहौल रहा।
कार्यक्रम में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिन कुमार ने शिक्षकों को प्रशस्ति-पत्र प्रदान करते हुए उनके कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में शैक्षिक गुणवत्ता सुधारने और बच्चों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने में शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका है। शिक्षक अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करते हुए विद्यालयों को बेहतर बनाने में योगदान दें।
सम्मानित होने वाले शिक्षकों में पूर्व माध्यमिक विद्यालय मिर्जापुर के प्रधानाध्यापक संजय सिंह तथा प्राथमिक विद्यालय मिर्जापुर में कार्यरत शिक्षा मित्र शंकर राम सहित ज्ञानचंद कांत, सुमन कांत, दीपक मौर्य, बृजेश सिंह, अरविंद सिंह, रेखा यादव, शिवेंद्र मिश्रा, अवधेश राम, चंद्रजीत मौर्य, पूजा सिंह, कमलाकर राम सहित अन्य शिक्षक शामिल रहे।
Advertisement
निपुण भारत मिशन में योगदान की सराहना
प्रशस्ति-पत्र में बेसिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत संचालित विद्यालयों में ‘निपुण भारत मिशन’ के प्रभावी क्रियान्वयन के साथ ही नवीन नामांकन सत्र 2026-27 में शिक्षकों द्वारा किए गए प्रयासों की विशेष रूप से सराहना की गई। शिक्षकों ने विद्यालयों में बच्चों के नामांकन को बढ़ाने, अभिभावकों को जागरूक करने तथा विद्यार्थियों के शैक्षिक स्तर में सुधार के लिए किए गए प्रयासों में सक्रिय भूमिका निभाई।
बीएसए सचिन कुमार ने कहा कि शिक्षक सिर्फ कक्षा में बच्चों को पढ़ाने तक ही सीमित न रहें। विद्यालय में अधिक से अधिक बच्चों का नामांकन कराने, बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने, अभिभावकों से संवाद बढ़ाने तथा विद्यालय की शैक्षिक एवं सह-शैक्षिक गतिविधियों को बेहतर बनाने में भी सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि शिक्षकों के सकारात्मक प्रयासों से ही परिषदीय विद्यालयों में शिक्षा का माहौल और मजबूत होगा।
उन्होंने उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि अन्य शिक्षक भी इनसे प्रेरणा लेकर अपने विद्यालयों में बेहतर कार्य करें। विद्यालयों में बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के साथ उनकी प्रतिभा को निखारने पर भी विशेष ध्यान दिया जाए।
सम्मान से बढ़ा शिक्षकों का उत्साह
प्रशस्ति-पत्र मिलने के बाद शिक्षकों ने इसे अपने कार्य के प्रति विभाग की ओर से प्रोत्साहन बताया। संबंधित विद्यालयों के शिक्षकों और कर्मचारियों ने सम्मानित शिक्षकों को बधाई दी। क्षेत्र के लोगों ने भी कहा कि बेहतर कार्य करने वाले शिक्षकों को सम्मान मिलने से उनका उत्साह बढ़ता है और अन्य शिक्षकों को भी अच्छा कार्य करने की प्रेरणा मिलती है।
कार्यक्रम में खंड शिक्षा अधिकारी अवधेश नारायण सिंह, घनश्याम सिंह, इम्तियाज खान, बृजेश सिंह, प्रदीप सिंह, विद्याधर मिश्रा, ईश्वर चंद्र त्रिपाठी, रमाकांत यादव, संजय यादव, परवेज अहमद, अशोक पाल, शिवम पाण्डेय, अनंत रस्तोगी, मृत्युंजय त्रिपाठी मलंग, दीपक कुमार सहित अन्य शिक्षक मौजूद रहे।
