मतदान में शिक्षकों ने स्नातकों को पछाड़ा, 71.70 फीसदी शिक्षक तो 43.38 प्रतिशत स्नातकों ने डाले वोट
चंदौली। वाराणसी खंड स्नातक एवं शिक्षक विधान परिषद निर्वाचन-2026 के लिए शुक्रवार को चंदौली में मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया। मतदान प्रतिशत के मामले में शिक्षक वर्ग ने स्नातकों को पीछे छोड़ दिया। खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 71.70 प्रतिशत, जबकि खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में 43.38 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
चंदौली

10:07 PM, Oct 23, 2026

जिले में खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के कुल 27,196 मतदाताओं में से लगभग 11,798 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। वहीं, खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के 3,015 मतदाताओं में से करीब 2,162 शिक्षकों ने मतदान किया। आंकड़ों के अनुसार, स्नातक की तुलना में शिक्षक वर्ग में मतदान को लेकर अधिक उत्साह देखने को मिला।
मतदान के दौरान प्रशासन की ओर से सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। पुलिस बल की मुस्तैदी और प्रशासनिक निगरानी के बीच मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से पूरी हुई। कहीं से किसी बड़ी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।
Advertisement
विधानसभा चुनाव से पहले हो रहे इस चुनाव को राजनीतिक दलों के लिए अहम माना जा रहा है। भाजपा और सपा समेत विभिन्न दलों ने अपने-अपने प्रत्याशियों के समर्थन में पूरी ताकत लगाई। दोनों निर्वाचन क्षेत्रों में जीत को लेकर राजनीतिक सरगर्मी बनी हुई है।
वाराणसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में 24 प्रत्याशी, जबकि खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 10 प्रत्याशी मैदान में हैं। इस तरह दोनों सीटों पर कुल 34 उम्मीदवारों की किस्मत मतपेटियों में बंद हो गई। मतगणना 27 अक्टूबर को होगी, जिसके बाद प्रत्याशियों के चुनावी भाग्य का फैसला सामने आएगा।
गौरतलब है कि चंदौली, वाराणसी खंड निर्वाचन क्षेत्र का हिस्सा है। इस निर्वाचन क्षेत्र में वाराणसी के साथ चंदौली, भदोही, गाजीपुर, बलिया, जौनपुर, मिर्जापुर और सोनभद्र जिले शामिल हैं।