सैयदराजा–जमानिया राष्ट्रीय राजमार्ग पर ट्रेलर की चपेट में आने से शिक्षक की मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने लगाया जाम
सैयदराजा–जमानिया राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में निजी स्कूल के एक शिक्षक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया, जिससे यातायात बाधित हो गया।
सैयदराजा, चन्दौली

12:18 PM, Feb 17, 2026
नवीन राय
जनपद न्यूज़ टाइम्ससैयदराजा–जमानिया राष्ट्रीय राजमार्ग पर ट्रेलर की चपेट में आने से शिक्षक की मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने लगाया जाम
सैयदराजा–जमानिया राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में निजी स्कूल के एक शिक्षक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया, जिससे यातायात बाधित हो गया।
ककरैत गांव निवासी अजय राय के पुत्र आशुतोष राय (27) बरुईन, जमानिया स्थित एक निजी विद्यालय में शिक्षक थे। मंगलवार सुबह वह बाइक से स्कूल जा रहे थे। जैसे ही वह तलाशपुर मोड़ के पास पहुंचे, तभी जमानिया की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर के बाद आशुतोष सड़क पर गिर पड़े और ट्रेलर उन्हें कुचलते हुए सैयदराजा की ओर भागने लगा, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
मृतक शिक्षक अपने माता-पिता के इकलौते पुत्र थे। हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और मां सदमे से बेहोश हो गईं।
Advertisement
सूचना पर पुलिस ने कंदवा थाना क्षेत्र के पास ट्रेलर चालक सहित वाहन को कब्जे में ले लिया। वहीं घटना की जानकारी मिलते ही सीओ सदर देवेंद्र कुमार समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई और स्थिति को संभालने का प्रयास किया।
समाचार लिखे जाने तक सैयदराजा–जमानिया राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम लगा हुआ था।
