हर मजरे के घर तक पहुंचे नल का जल, टोल फ्री नंबरों का कराएं व्यापक प्रचार: अनुप्रिया पटेल
मीरजापुर। केंद्रीय राज्यमंत्री स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा रसायन एवं उर्वरक और जनपद की सांसद अनुप्रिया पटेल ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों के साथ जल जीवन मिशन के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को योजना के कार्यों में तेजी लाने के साथ गुणवत्ता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मिर्जापुर

9:13 PM, Aug 18, 2026
हनीफ खान
जनपद न्यूज़ टाइम्समीरजापुर। केंद्रीय राज्यमंत्री स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा रसायन एवं उर्वरक और जनपद की सांसद अनुप्रिया पटेल ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों के साथ जल जीवन मिशन के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को योजना के कार्यों में तेजी लाने के साथ गुणवत्ता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
केंद्रीय राज्यमंत्री ने कहा कि सरकार की मंशा गांव के अंतिम छोर पर बसे छोटे-छोटे मजरों के प्रत्येक घर तक नल से शुद्ध पेयजल पहुंचाने की है। उन्होंने कहा कि जिन ग्रामीणों के घरों में अभी कनेक्शन नहीं हुआ है या कनेक्शन के बाद पानी नहीं पहुंच रहा है, उनकी समस्याओं का तत्काल समाधान कराया जाए।
उन्होंने ग्रामीणों की सुविधा के लिए जल जीवन मिशन के टोल फ्री नंबरों 18001212164, 1912 और 1076 का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने के निर्देश दिए। कहा कि पंचायत भवनों, प्राथमिक व जूनियर विद्यालयों तथा आंगनबाड़ी केंद्रों पर टोल फ्री नंबरों की वाल पेंटिंग कराकर उन्हें प्रदर्शित किया जाए, ताकि ग्रामीण आसानी से अपनी शिकायत या कनेक्शन के लिए आवेदन दर्ज करा सकें।
अधिशासी अभियंता जल निगम ग्रामीण ने बताया कि प्रत्येक ट्यूबवेल के ऑपरेटर के पास रजिस्टर उपलब्ध कराया गया है, जिसमें ग्रामीण कनेक्शन के लिए अपना आवेदन दर्ज करा सकते हैं।
1609 ग्राम पंचायतों में 3.10 लाख से अधिक कनेक्शन
समीक्षा के दौरान अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे ने बताया कि जल जीवन मिशन के तहत जनपद में 9 परियोजनाओं पर 6 एजेंसियों द्वारा कार्य कराया जा रहा है। कुल 1609 ग्राम पंचायतों के सापेक्ष करीब 10,525 किलोमीटर पाइपलाइन बिछाई जा चुकी है। इनमें 1573 गांवों में ग्राम प्रधानों द्वारा कार्य पूर्ण होने का प्रमाण पत्र दिया जा चुका है।
उन्होंने बताया कि 3,11,056 कनेक्शन के लक्ष्य के सापेक्ष 3,10,295 घरों में कनेक्शन किए जा चुके हैं।
केंद्रीय राज्यमंत्री ने परियोजनाओं की एजेंसीवार समीक्षा करते हुए पाइपलाइन, ओवरहेड टैंक, सोलर पंप, ट्यूबवेल, घरेलू कनेक्शन और कनेक्शन के बाद घरों में पानी की आपूर्ति की स्थिति की जानकारी ली। क्षतिग्रस्त और लीकेज पाइपलाइनों की तत्काल गुणवत्तापूर्ण मरम्मत कराने के निर्देश भी दिए।
पानी की शुद्धता की नियमित जांच के निर्देश
अनुप्रिया पटेल ने कहा कि ग्रामीणों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए समय-समय पर पानी की जांच कराई जाए। उन्होंने थर्ड पार्टी से भी पानी की गुणवत्ता की जांच कराने की जरूरत बताई।
अधिकारियों ने बताया कि जनपद के 1609 गांवों में प्रत्येक ग्रामवार पांच-पांच महिलाओं को पानी की जांच के लिए प्रशिक्षित किया गया है और उन्हें फील्ड टेस्टिंग किट भी उपलब्ध कराई गई है। मंत्री ने प्रशिक्षित महिलाओं की सूची और मोबाइल नंबर उपलब्ध कराने के साथ उन्हें एक स्थान पर प्रशिक्षण देकर पानी की गुणवत्ता जांच से संबंधित जानकारी देने के निर्देश दिए।
Advertisement
उन्होंने प्रत्येक गांव में जल मित्र का चयन कर उन्हें प्रशिक्षण देने को भी कहा।
802 जल मित्रों का चयन
बैठक में बताया गया कि जनपद में 802 जल मित्रों का चयन किया गया है। ये गांवों में पेयजल योजनाओं के संचालन, रखरखाव और छोटी तकनीकी समस्याओं के त्वरित समाधान में सहयोग करेंगे। इसके अलावा 446 ग्राम पंचायतों में जल अर्पण कार्यक्रम भी आयोजित किया जा चुका है।
विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में नल से जल की उपलब्धता तथा एफटीके किट से पेयजल की जांच के लिए भी जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
केंद्रीय राज्यमंत्री ने जल सारथी एप के माध्यम से लालगंज क्षेत्र के बेलहा, गांदपुर, मोहनपुर भवरख, सिकंदरपुर मठना समेत अन्य गांवों में कराए जा रहे कार्यों की प्रगति की जानकारी ली।
नगरीय पेयजल योजनाओं की भी समीक्षा
बैठक में जल निगम नगरीय की ओर से नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों में अमृत एवं अमृत योजना-2.0 के तहत चल रही परियोजनाओं की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि नगर पालिका परिषद मीरजापुर में निर्माणाधीन पांच परियोजनाओं में दो पूर्ण हो चुकी हैं, जबकि तीन पर कार्य चल रहा है। अहरौरा और कछवां नगर पालिका में भी एक-एक परियोजना निर्माणाधीन है।
नगर पालिका चुनार में पेयजल योजना के निर्माण के लिए 126.85 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति हो चुकी है। शासनादेश जारी होना अभी बाकी है। वहीं मीरजापुर नगर के पक्का पोखरा वार्ड में 24 घंटे पेयजल आपूर्ति के लिए 14.03 करोड़ रुपये की परियोजना स्वीकृत की गई है।
जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने नगरीय क्षेत्र में जल निगम के कार्यों की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए अधिशासी अभियंता जल निगम नगरीय को 31 अगस्त 2026 तक सभी कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने केंद्रीय राज्यमंत्री को आश्वस्त किया कि बैठक में दिए गए निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित कराते हुए जल जीवन मिशन के ग्रामीण एवं नगरीय कार्यों को निर्धारित समय में पूरा कराया जाएगा।
बैठक में विधायक छानबे रिंकी कोल, अपना दल एस के जिलाध्यक्ष इंजीनियर राम लौटन बिंद, राष्ट्रीय महासचिव रमाशंकर सिंह पटेल, राष्ट्रीय सचिव किसान मंच रमाकांत पटेल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
