राज्य ताइक्वांडो प्रतियोगिता में डैडीज़ इंटरनेशनल स्कूल के खिलाड़ियों का दमदार प्रदर्शन, पाँच ने जीते कांस्य पदक
लखनऊ के के.डी. सिंह बाबू स्टेडियम में आयोजित उत्तर प्रदेश राज्य ताइक्वांडो प्रतियोगिता में डैडीज़ इंटरनेशनल स्कूल एंड हॉस्टल, बिशुनपुरा के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पाँच कांस्य पदक अपने नाम किए। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से विद्यालय और उनके गृह जनपदों में खुशी की लहर है।
शहाबगंज, चंदौली

10:01 AM, Aug 7, 2026
विनोद कुमार
जनपद न्यूज़ टाइम्सचंदौली। लखनऊ के के.डी. सिंह बाबू स्टेडियम में आयोजित उत्तर प्रदेश राज्य ताइक्वांडो प्रतियोगिता में डैडीज़ इंटरनेशनल स्कूल एंड हॉस्टल, बिशुनपुरा के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पाँच कांस्य पदक अपने नाम किए। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से विद्यालय और उनके गृह जनपदों में खुशी की लहर है।
उत्तर प्रदेश ताइक्वांडो एसोसिएशन के तत्वावधान में 31 जुलाई से 2 अगस्त 2026 तक आयोजित 42वीं सब जूनियर, 10वीं कैडेट, 44वीं जूनियर, 43वीं क्योंरुगु, 10वीं पूमसे एवं 15वीं फ्रेशर स्टेट ताइक्वांडो प्रतियोगिता में विद्यालय के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में चंदौली के रणविजय सिंह गोंड और नौसिया परवीन, गोरखपुर के अविनाश गुप्ता, सुल्तानपुर के अंशु निषाद तथा पश्चिम बंगाल के नदिया जनपद की संबोधिका सरकार ने अपने-अपने भार वर्ग में कांस्य पदक जीतकर विद्यालय का गौरव बढ़ाया।
Advertisement
विद्यालय प्रबंधन के अनुसार, डैडीज़ इंटरनेशनल स्कूल एंड हॉस्टल में देश के विभिन्न राज्यों और जनपदों से विद्यार्थी शिक्षा के साथ खेल प्रशिक्षण भी प्राप्त करते हैं। आधुनिक खेल सुविधाओं और अनुभवी प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम है कि विद्यालय के खिलाड़ी लगातार राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं।
विद्यालय के संस्थापक डॉ. विनय प्रकाश तिवारी ने सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता अनुशासन, कठिन परिश्रम और गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण का परिणाम है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों में अपार प्रतिभा है, जिन्हें सही अवसर और मार्गदर्शन मिलने पर वे राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकते हैं।
प्रधानाचार्य डॉ. अजय कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास करना है। शिक्षा के साथ खेलों को भी समान महत्व दिया जाता है और भविष्य में खिलाड़ियों को और बेहतर प्रशिक्षण एवं सुविधाएँ उपलब्ध कराई जाएँगी। खिलाड़ियों की इस सफलता पर अभिभावकों ने भी विद्यालय प्रबंधन और प्रशिक्षकों का आभार व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
