अतिक्रमण मुक्त 22 बीघा भूमि पर बनेगा खेल मैदान, डीएम ने दिए निर्देश
जिलाधिकारी चन्द्र मोहन गर्ग ने गुरुवार को बायापुर गांव पहुंचकर अतिक्रमण से मुक्त कराई गई करीब 22 बीघा भूमि का निरीक्षण किया। उन्होंने भूमि की घेराबंदी कर उसे खेल मैदान के रूप में विकसित करने का निर्देश खंड विकास अधिकारी दिनेश सिंह को दिया। डीएम ने कहा कि खाली कराई गई भूमि का उपयोग जनहित में किया जाए, जिससे ग्रामीणों और युवाओं को खेलकूद के लिए बेहतर सुविधा मिल सके।
शहाबगंज, चंदौली

4:38 PM, Aug 13, 2026
विनोद कुमार
जनपद न्यूज़ टाइम्सशहाबगंज। जिलाधिकारी चन्द्र मोहन गर्ग ने गुरुवार को बायापुर गांव पहुंचकर अतिक्रमण से मुक्त कराई गई करीब 22 बीघा भूमि का निरीक्षण किया। उन्होंने भूमि की घेराबंदी कर उसे खेल मैदान के रूप में विकसित करने का निर्देश खंड विकास अधिकारी दिनेश सिंह को दिया। डीएम ने कहा कि खाली कराई गई भूमि का उपयोग जनहित में किया जाए, जिससे ग्रामीणों और युवाओं को खेलकूद के लिए बेहतर सुविधा मिल सके।
इसके बाद जिलाधिकारी ने कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए कक्षा आठ की छात्राओं से सीधे बातचीत कर उन्हें मिलने वाली सुविधाओं, भोजन, आवास, पढ़ाई तथा अन्य व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली। छात्राओं ने जिलाधिकारी को बताया कि विद्यालय में खेलने के लिए पर्याप्त मैदान उपलब्ध नहीं है, जिससे उन्हें खेल गतिविधियों में परेशानी होती है।
छात्राओं की समस्या को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने उच्चीकृत कस्तूरबा गांधी विद्यालय के बगल में स्थित भूमि को खेल मैदान के रूप में विकसित करने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया। उन्होंने कहा कि छात्राओं के सर्वांगीण विकास के लिए पढ़ाई के साथ खेलकूद की सुविधाएं भी जरूरी हैं। खेल मैदान विकसित होने से छात्राओं को अपनी खेल प्रतिभा निखारने का अवसर मिलेगा।
Advertisement
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने उच्चीकृत विद्यालय की बाउंड्रीवाल का भी अवलोकन किया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने विद्यालय परिसर में साफ-सफाई और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने पर जोर दिया।
इस दौरान उपजिलाधिकारी विकास मित्तल, डीसी मनरेगा रविन्द्र चतुर्वेदी, बीडीओ दिनेश सिंह, ग्राम प्रधान राम प्रसाद, सचिव सत्यार्थ सिंह,वार्डन सुनीता पाण्डेय सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
