17 और 24 अक्टूबर को बूथों पर लगेंगे विशेष कैंप, छूटे मतदाताओं के जुड़ेंगे नाम
चंदौली। आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के तहत मतदाता सूची के अद्यतनीकरण और विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (SIR) को लेकर शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित की गई। अपर जिलाधिकारी न्यायिक रतन वर्मा की अध्यक्षता में हुई बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों और प्रिंट मीडिया के प्रतिनिधियों को पुनरीक्षण की कार्ययोजना की जानकारी दी गई।
चंदौली

7:03 PM, Oct 16, 2026
1691 मतदेय स्थलों पर सुबह 10 से शाम चार बजे तक चलेगा अभियान, पहली बार वोट देने वाले युवाओं और नवविवाहित महिलाओं को मिलेगा मौका
चंदौली। आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के तहत मतदाता सूची के अद्यतनीकरण और विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (SIR) को लेकर शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित की गई। अपर जिलाधिकारी न्यायिक रतन वर्मा की अध्यक्षता में हुई बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों और प्रिंट मीडिया के प्रतिनिधियों को पुनरीक्षण की कार्ययोजना की जानकारी दी गई।
बैठक में बताया गया कि जनपद के सभी 1691 मतदेय स्थलों पर 17 और 24 अक्टूबर को सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक विशेष कैंप लगाए जाएंगे। इन कैंपों में बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) मौजूद रहेंगे। मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित लोगों, पहली बार मतदान करने वाले युवाओं, नवविवाहित महिलाओं और वंचित वर्ग के पात्र लोगों के फॉर्म-6 भरवाए जाएंगे।
प्रशासन की ओर से रैन बसेरों, लेबर कॉलोनियों में रहने वाले लोगों, बेघर व्यक्तियों और समाज के हाशिए पर मौजूद पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए भी विशेष अभियान चलाया जाएगा।
बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के मतदान स्थलों का होगा सत्यापन
Advertisement
बैठक में हाल में आई बाढ़ और अतिवृष्टि को देखते हुए जनपद के जर्जर एवं क्षतिग्रस्त मतदेय स्थलों का दोबारा भौतिक सत्यापन कराने की जानकारी दी गई। इसके आधार पर 19 अक्टूबर तक नया आलेख तैयार किया जाएगा। राजनीतिक दलों से अपील की गई कि मतदान स्थलों के संबंध में कोई आपत्ति या सुझाव हो तो 18 अक्टूबर तक अपने दल के लेटर पैड पर उपलब्ध करा दें।
चार जनवरी 2027 को होगा मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन
भारत निर्वाचन आयोग की ओर से एक जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर निर्वाचक नामावली के पुनरीक्षण का कार्यक्रम जारी किया गया है। इसके तहत प्रस्तावित मतदेय स्थलों का अनुमोदन दो नवंबर 2026 तक किया जाना है। निर्वाचक नामावली का आलेख प्रकाशन 12 नवंबर को होगा। इसके बाद 12 नवंबर से 11 दिसंबर तक दावे और आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। इनमें नाम जोड़ने, हटाने और संशोधन के लिए निर्धारित फॉर्म-6, 7 और 8 का उपयोग किया जाएगा। प्राप्त दावों और आपत्तियों का निस्तारण 28 दिसंबर तक होगा, जबकि मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन चार जनवरी 2027 को किया जाएगा।
फॉर्म-6 के साथ शपथ पत्र की जरूरत नहीं
बैठक में मतदाता पंजीकरण से जुड़े नियमों में बदलाव की जानकारी भी दी गई। उपलब्ध कराई गई जानकारी के अनुसार, नए मतदाता के पंजीकरण के लिए फॉर्म-6 के साथ शपथ पत्र देने की आवश्यकता नहीं होगी। आवेदन के लिए दो फोटोयुक्त दस्तावेजों के आधार पर प्रक्रिया पूरी की जा सकेगी। पात्र नागरिकों से अपील की गई है कि वे विशेष कैंपों का लाभ उठाकर मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने की प्रक्रिया पूरी करें।
