संचारी रोगों की रोकथाम को लेकर अप्रैल भर चलेगा विशेष अभियान, ग्राम प्रधानों को दिए गए निर्देश
चन्दौली। जनपद में संचारी रोगों की रोकथाम के लिए 1 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान चलाया जा रहा है। जिला पंचायत राज अधिकारी नीरज कुमार सिन्हा ने पत्र जारी कर सभी ग्राम प्रधानों, निगरानी समिति के अध्यक्षों तथा ग्राम पंचायतों को अभियान को सफल बनाने के निर्देश दिए हैं।
चंदौली

1:08 PM, Apr 2, 2026
चन्दौली। जनपद में संचारी रोगों की रोकथाम के लिए 1 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान चलाया जा रहा है। जिला पंचायत राज अधिकारी नीरज कुमार सिन्हा ने पत्र जारी कर सभी ग्राम प्रधानों, निगरानी समिति के अध्यक्षों तथा ग्राम पंचायतों को अभियान को सफल बनाने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने बताया कि अप्रैल माह संचारी रोगों के पनपने के लिए अनुकूल होता है, इसलिए इसके प्रभावी नियंत्रण के लिए गांवों में विशेष साफ-सफाई और जागरूकता अभियान चलाना आवश्यक है।
जारी निर्देशों के अनुसार ग्राम पंचायतों में सार्वजनिक स्थलों की सफाई और झाड़ियों की कटाई कराई जाए। नालियों की तलीझाड़ सफाई कराकर निकाले गए सिल्ट का अगले दिन तक निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। मुख्य मार्गों पर झाड़ियों की सफाई के साथ लोगों को शौचालय के प्रयोग के लिए प्रेरित किया जाए, ताकि मार्गों के किनारे गंदगी न दिखाई दे।
नहरों के किनारे घरों तथा ठेले-खोमचों से निकलने वाले कूड़े के स्थायी निस्तारण के लिए कूड़ेदान या प्लास्टिक बैंक की व्यवस्था करने तथा कूड़ा वाहन के माध्यम से उसका सुरक्षित निस्तारण कराने को कहा गया है। गांवों के आबादी क्षेत्र में स्थित तालाबों की सफाई कराकर उनमें मच्छरों के लार्वा की रोकथाम के लिए गम्बूजिया मछलियां डलवाई जाएं।
Advertisement
इसके साथ ही मच्छरों के नियंत्रण के लिए नालियों और अन्य स्थानों पर एंटी लार्वा का छिड़काव तथा फॉगिंग मशीन से फॉगिंग कराई जाए। इन कार्यों पर होने वाला खर्च 15वें वित्त आयोग की धनराशि से किया जा सकता है।
जिला पंचायत राज अधिकारी ने यह भी निर्देश दिया है कि अभियान के अंतर्गत किए गए सभी कार्यों की फोटो और वीडियो अनिवार्य रूप से समूह में साझा की जाए। साथ ही प्रत्येक रविवार को फ्रिज, कूलर, गमले, टायर और नाद आदि में जमा पानी को खाली कराया जाए, ताकि मच्छरों का लार्वा न बन सके।
उन्होंने सभी ग्राम प्रधानों और ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों से अपील की है कि निर्देशों का पालन करते हुए संचारी रोग अभियान को सफल बनाएं और अपने ग्राम पंचायतों को संचारी रोगों से मुक्त रखने में सक्रिय योगदान दें।
