सावन की तैयारियों का एसपी ने लिया जायजा, कालेश्वर महादेव मंदिर में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था होगी चाक-चौबंद
चंदौली: पुलिस अधीक्षक ने बताया कि सावन माह के दौरान, विशेषकर प्रत्येक सोमवार को मंदिर में लगभग 20 से 25 हजार श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए भीड़ नियंत्रण, सुरक्षा व्यवस्था और यातायात संचालन के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार की गई है।
चंदौली

5:04 PM, Jul 17, 2026
सकलडीहा (चंदौली), 17 जुलाई। आगामी सावन माह में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने सकलडीहा स्थित प्रसिद्ध श्री कालेश्वर महादेव मंदिर का स्थलीय निरीक्षण कर संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ व्यवस्थाओं की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि सावन माह के दौरान, विशेषकर प्रत्येक सोमवार को मंदिर में लगभग 20 से 25 हजार श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए भीड़ नियंत्रण, सुरक्षा व्यवस्था और यातायात संचालन के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार की गई है।
निरीक्षण के दौरान पुलिस, राजस्व और लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिकारियों ने संयुक्त रूप से मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों का जायजा लिया। अधिकारियों को बैरिकेडिंग, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं समय से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
मंदिर के रेलवे स्टेशन के निकट होने के कारण रेलवे ट्रैक और भोजापुर रेलवे क्रॉसिंग पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। इसके लिए जीआरपी के साथ समन्वय स्थापित कर रेलवे ट्रैक के आसपास पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। साथ ही संवेदनशील स्थानों पर भी अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई जाएगी ताकि श्रद्धालुओं की सुरक्षा के साथ ट्रेनों का संचालन भी बाधित न हो।
Advertisement
भोजापुर रेलवे क्रॉसिंग पर सावन के दौरान लगने वाले जाम से निपटने के लिए भी विशेष यातायात प्रबंधन योजना लागू की जाएगी। रेलवे अधिकारियों के सहयोग से पुलिस बल की तैनाती कर यातायात को सुचारु बनाए रखने की व्यवस्था की जाएगी।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने कहा कि "सावन का पावन पर्व जनपद चंदौली में पूर्ण सुरक्षा, शांति और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराया जाएगा। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ पूरी जिम्मेदारी और सतर्कता से कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।"
चंदौली पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे दर्शन के दौरान अनुशासन बनाए रखें, निर्धारित कतारों का पालन करें तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु की सूचना तत्काल ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों या पुलिस कंट्रोल रूम को दें, ताकि सावन पर्व सुरक्षित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जा सके।
