पुलिस कार्यालय से साइबर थाने तक एसपी का औचक निरीक्षण, अभिलेखों की जांच कर दिए निर्देश
चंदौली। पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने शुक्रवार को पुलिस कार्यालय की विभिन्न शाखाओं, पुलिस लाइन, साइबर क्राइम थाना और स्मार्ट कंट्रोल रूम का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अभिलेखों के रख-रखाव, कार्यालयों की साफ-सफाई और जनशिकायतों के निस्तारण की स्थिति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

2:19 PM, Oct 30, 2026
जनसुनवाई में लापरवाही न बरतने की हिदायत, साइबर ठगी पर त्वरित कार्रवाई और डायल 112 का रिस्पांस टाइम बेहतर बनाने पर जोर
चंदौली। पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने शुक्रवार को पुलिस कार्यालय की विभिन्न शाखाओं, पुलिस लाइन, साइबर क्राइम थाना और स्मार्ट कंट्रोल रूम का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अभिलेखों के रख-रखाव, कार्यालयों की साफ-सफाई और जनशिकायतों के निस्तारण की स्थिति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने आंकिक शाखा में वेतन भुगतान, एरियर और बजट संबंधी अभिलेखों की जांच की। डीसीआरबी में अपराधियों के रिकॉर्ड, आपराधिक इतिहास और सीसीटीएनएस पर दर्ज आंकड़ों की अद्यतन स्थिति देखी। उन्होंने सभी अभिलेखों को व्यवस्थित रखने और संबंधित सूचनाओं को समय से अपडेट करने के निर्देश दिए।
जनशिकायत प्रकोष्ठ और जनसुनवाई कक्ष के निरीक्षण के दौरान शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण पर विशेष जोर दिया गया। एसपी ने कहा कि कार्यालय आने वाले प्रत्येक फरियादी की समस्या संवेदनशीलता से सुनी जाए और उसका पारदर्शी तरीके से समाधान सुनिश्चित किया जाए। पासपोर्ट, चरित्र प्रमाण पत्र और अन्य सत्यापन संबंधी आवेदनों का भी निर्धारित समय में निस्तारण करने को कहा।
Advertisement
साइबर ठगी पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश
साइबर क्राइम थाने के निरीक्षण के दौरान ऑनलाइन ठगी और वित्तीय धोखाधड़ी से जुड़ी शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। स्मार्ट कंट्रोल रूम में सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था की समीक्षा करते हुए एसपी ने जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और डायल 112 के रिस्पांस टाइम को बेहतर बनाने पर जोर दिया।
पुलिस लाइन में शस्त्रागार, वाहन शाखा, क्वार्टर गार्ड और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। इस दौरान बैरकों की साफ-सफाई, परिसर के रख-रखाव और पुलिसकर्मियों के कल्याण पर भी ध्यान देने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक (सदर) विक्रम दहिया, अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) सतीश चन्द्र शुक्ला, क्षेत्राधिकारी (लाइन) डॉ. चारू द्विवेदी सहित अन्य अधिकारी और शाखा प्रभारी मौजूद रहे।
