एसपी आकाश पटेल ने मुगलसराय में किया पैदल गश्त, अतिक्रमण और जाम पर सख्ती के दिए निर्देश
एसपी ने दुकानदारों को निर्देशित किया कि वे अपनी दुकानें निर्धारित सीमा के भीतर ही संचालित करें और सड़क पर सामान रखकर यातायात में बाधा उत्पन्न न करें। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि बार-बार समझाने के बावजूद नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
चंदौली

7:16 PM, Jul 11, 2026
चंदौली। जनपद में यातायात व्यवस्था को सुचारु एवं जाममुक्त बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने शनिवार को मुगलसराय कस्बे में पैदल गश्त कर अतिक्रमण हटाओ अभियान का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बाजारों, मुख्य मार्गों और व्यस्त चौराहों का भ्रमण कर यातायात व्यवस्था का जायजा लिया तथा सड़क किनारे अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों और अव्यवस्थित ढंग से वाहन खड़े करने वाले ऑटो व टोटो चालकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एसपी ने दुकानदारों को निर्देशित किया कि वे अपनी दुकानें निर्धारित सीमा के भीतर ही संचालित करें और सड़क पर सामान रखकर यातायात में बाधा उत्पन्न न करें। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि बार-बार समझाने के बावजूद नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
ऑटो और टोटो चालकों को भी निर्धारित स्थानों पर ही वाहन खड़ा करने, सड़क पर अनावश्यक रूप से सवारी न भरने तथा यातायात नियमों का पूरी तरह पालन करने के निर्देश दिए गए। साथ ही आमजन से अपील की गई कि वे सड़क पर वाहन खड़ा कर जाम की स्थिति उत्पन्न न करें और यातायात पुलिस का सहयोग करें।
Advertisement
पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि यातायात व्यवस्था में बाधा बनने वाले अतिक्रमण के विरुद्ध लगातार अभियान चलाकर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि नगर में सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित यातायात व्यवस्था कायम रह सके।
पैदल गश्त के दौरान प्रभारी निरीक्षक यातायात, थाना प्रभारी मुगलसराय सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
