एसपी आकाश पटेल ने किया बबुरी थाने का वार्षिक निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था व रिकॉर्ड व्यवस्था की जांच
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने थाना कार्यालय में रखे अपराध रजिस्टर, त्यौहार रजिस्टर, आगंतुक रजिस्टर तथा ग्राम अपराध रजिस्टर सहित अन्य अभिलेखों की जांच की और सभी प्रविष्टियों को समय-समय पर अपडेट रखने के निर्देश दिए। उन्होंने पत्रावलियों के व्यवस्थित रख-रखाव पर भी विशेष जोर दिया।
चंदौली

3:50 PM, Apr 25, 2026
चन्दौली। पुलिस अधीक्षक चन्दौली आकाश पटेल ने शनिवार को थाना बबुरी का वार्षिक निरीक्षण कर थाने की कार्यप्रणाली, अभिलेखों के रख-रखाव और सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने शस्त्रागार, मालखाना, सीसीटीएनएस कार्यालय, बैरक और मेस सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का गहन अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने थाना कार्यालय में रखे अपराध रजिस्टर, त्यौहार रजिस्टर, आगंतुक रजिस्टर तथा ग्राम अपराध रजिस्टर सहित अन्य अभिलेखों की जांच की और सभी प्रविष्टियों को समय-समय पर अपडेट रखने के निर्देश दिए। उन्होंने पत्रावलियों के व्यवस्थित रख-रखाव पर भी विशेष जोर दिया।
शस्त्रागार के निरीक्षण के दौरान शस्त्रों की साफ-सफाई और उनकी कार्यक्षमता की जांच की गई। वहीं मालखाने में रखे माल-मुकदमाती की समीक्षा करते हुए वर्षों से लंबित पड़े माल के नियमानुसार निस्तारण के निर्देश थाना प्रभारी को दिए।
Advertisement
पुलिस अधीक्षक ने सीसीटीएनएस कार्यालय में ऑनलाइन डेटा प्रविष्टि और साइबर अपराध से जुड़ी शिकायतों के निस्तारण की स्थिति भी देखी। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी प्रविष्टियां समयबद्ध और त्रुटिहीन तरीके से की जाएं। इसके साथ ही डिजिटल पुलिसिंग को मजबूत करने के लिए यक्ष ऐप के उपयोग की भी समीक्षा की गई और बीट अधिकारियों को इसका नियमित प्रयोग करने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान थाना परिसर, पुलिस बैरक और मेस की साफ-सफाई और व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया गया। उन्होंने पुलिस कर्मियों के लिए पौष्टिक भोजन और स्वच्छ वातावरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि थाने पर आने वाले प्रत्येक पीड़ित की शिकायत को संवेदनशीलता के साथ सुना जाए और उसका त्वरित व निष्पक्ष निस्तारण किया जाए। उन्होंने महिलाओं की सुरक्षा के लिए चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान के तहत गांव-गांव जाकर जागरूकता बढ़ाने के निर्देश भी दिए।
