भव्य कलश यात्रा के साथ श्रीराम कथा का शुभारंभ
शहाबगंज।क्षेत्र के ग्राम पंचायत तियरा के महारथपुर में रघुवर सेवा समिति की ओर से आयोजित नौ दिवसीय श्रीराम कथा के शुभारंभ से पूर्व शुक्रवार को भव्य कलश यात्रा निकाली गई। कलश यात्रा में बड़ी संख्या में ग्रामीणों और महिलाओं ने उत्साह के साथ भाग लिया, जिससे पूरे क्षेत्र में भक्ति का माहौल बना रहा।
शहाबगंज, चंदौली

5:56 PM, Mar 13, 2026
विनोद कुमार
जनपद न्यूज़ टाइम्स
शहाबगंज।क्षेत्र के ग्राम पंचायत तियरा के महारथपुर में रघुवर सेवा समिति की ओर से आयोजित नौ दिवसीय श्रीराम कथा के शुभारंभ से पूर्व शुक्रवार को भव्य कलश यात्रा निकाली गई। कलश यात्रा में बड़ी संख्या में ग्रामीणों और महिलाओं ने उत्साह के साथ भाग लिया, जिससे पूरे क्षेत्र में भक्ति का माहौल बना रहा।
कलश यात्रा लालेश्वर शिवपुर स्थित शिव मंदिर से 21 कलश के साथ प्रारंभ हुई। श्रद्धालु सिर पर कलश लेकर गांव के विभिन्न मार्गों से होते हुए महारथपुर स्थित हनुमान मंदिर के कथा स्थल तक पहुंचे, जहां यात्रा का समापन हुआ। यात्रा के दौरान श्रद्धालु भजन-कीर्तन करते हुए भगवान श्रीराम के जयकारे लगाते चल रहे थे, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
Advertisement
श्री वृंदावन धाम की कथा वक्ता रश्मी मिश्रा रथ पर सवार होकर कलश यात्रा में शामिल हुईं। उनके साथ चल रहे श्रद्धालु भक्ति गीतों पर झूमते और नाचते हुए आगे बढ़ते रहे। यात्रा में महिलाओं की भी विशेष भागीदारी देखने को मिली। बड़ी संख्या में महिलाएं सिर पर कलश लेकर श्रद्धा और उत्साह के साथ शामिल हुईं।
कलश यात्रा के दौरान जय प्रकाश पांडेय, रमाशंकर पांडेय, अमितेश मिश्र, त्रिभुवन, गुप्त नाथ विश्वकर्मा, कमला साव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।